इस परिवार से कौन सी दुश्मनी निकाल रहा सांप? एक ही महीने में 4 लोगों डसा, सिर्फ रविवार को करता है हमला
संभल में एक परिवार रहस्यमय सांप के आतंक से जूझ रहा है. बीते एक महीने में एक ही करैत सांप ने हर रविवार को परिवार के चार सदस्यों को डसा है, जिसमें एक बच्ची की मौत हो गई. अन्य तीन को समय पर उपचार मिला तो उनकी जिंदगी बच सकी है. परिवार और ग्रामीण हैरान हैं कि सांप सिर्फ रविवार को ही हमला क्यों करता है और इस परिवार से उसकी क्या दुश्मनी है.
उत्तर प्रदेश के संभल में रहने वाले एक परिवार से एक सांप की ऐसी दुश्मनी है कि वह हर रविवार को परिवार के किसी ना किसी सदस्य को डस लेता है. बीते एक महीने में ही यह सांप चार लोगों को डस चुका है. मामला संभल के चंदौसी तहसील में गणेशपुर गांव का है. लगातार हो रही इन घटनाओं से जहां परिवार के लोग खौफजदा हैं, वहीं गांव के लोग इस सांप की हरकत से हैरान और परेशान हैं. अब तो हर कोई यही सवाल कर रहा है कि इस परिवार से सांप की क्या दुश्मनी?
ग्रामीणों के मुताबिक यह सांप अब तक परिवार के चार सदस्यों को डस चुका है. इससे एक बच्ची की मौत हो गई, वहीं बाकी तीन लोगों को समय रहते उपचार मिलने जीवन बचा लिया गया है. हैरानी की बात ये है कि यह सांप केवल रविवार को ही परिवार पर अटैक करता है. ग्रामीणों ने बताया कि पहली घटना 19 जुलाई को हुई. इसमें परिवार के मुखिया विनोद कुमार की बेटी सुनहरी को घर में ही सांप ने डस लिया था.इसमें सुनहरी की मौत हो गई थी. उस समय सांप की पहचान क्रेट (करैत) के रूप में हुई थी.
एक हफ्ते बाद फिर हमला
इस घटना के ठीक एक हफ्ते बाद यानी अगले रविवार को प्रमोद कुमार की पत्नी सुनीता को सांप ने डस लिया. उस समय वह अपने बिस्तर पर सो रहीं थी. आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जान बचा ली. फिर एक हफ्ते बाद यानी अगले रविवार को प्रमोद पर बिस्तर में सोते समय सांप ने हमला किया. उन्हें भी समय से इलाज मिला तो बच गए. अब चौथे रविवार यानी 9 अगस्त को नन्हे की पुत्री को भी घर में सांप ने डस लिया. फिलहाल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
रविवार से क्या कनेक्शन?
ग्रामीणों के मुताबिक अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि इस सांप की इस परिवार से क्या दुश्मनी है और यह सांप हमेशा रविवार को ही क्यों हमला करता है. फिलहाल वन विभाग की टीम इस सांप की तलाश में जुट गई है. वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पीड़ित परिवार के घर से एक करैत सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ा गया है. इसके अलावा गांव में ग्रीन चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है.
