गाजीपुर में कमलेश बिंद एनकाउंटर पर SIT जांच की मांग, संजय निषाद ने CM योगी से की मुलाकात
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर गाजीपुर के कमलेश बिंद एनकाउंटर प्रकरण की उच्च स्तरीय SIT जांच की मांग की है. उन्होंने जौनपुर के आजाद बिंद हत्याकांड में दोषियों की गिरफ्तारी पर भी जोर दिया.
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने गाजीपुर के कमलेश बिंद एनकाउंटर का मामला उठाया. साथ ही इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित कर उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग मुख्यमंत्री को सौंपा है.
कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने साथ ही निषाद-बिंद समाज की भावनाओं एवं मांगों से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया. इसके अलावा, जौनपुर के स्व. आजाद बिंद हत्याकांड में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी. मुख्यमंत्री ने संबंधित मामलों में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया.
कमलेश बिंद एनकाउंटर से असंतोष और भ्रम
यूपी में मंत्री संजय कुमार निषाद ने सीएम योगी के लिखे पत्र में कहा कि ‘गाजीपुर में कमलेश बिंद की पुलिस मुठभेड़ में हुई मृत्यु का मामला व्यापक जनचर्चा और जनभावनाओं से जुड़ा हुआ है. इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा विभिन्न प्रकार की आशंकाएं एवं प्रश्न उठाए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में असंतोष और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है.’
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की नीति सदैव कानून के शासन, न्याय एवं पारदर्शिता पर आधारित रही है. आपकी सरकार में किसी भी घटना की निष्पक्ष जाँच सुनिश्चित करते हुए दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाती रही है. ऐसे में इस प्रकरण के सभी तथ्यों को जनता के समक्ष स्पष्ट करने और जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ के लिए आवश्यक है.
कमलेश बिंद एनकाउंटर में SIT जांच की मांग
मंत्री संजय कुमार निषाद ने सीएम योगी से मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि कमलेश बिंद की पुलिस मुठभेड़ में हुई मृत्यु के प्रकरण की किसी सक्षम एवं उच्च स्तरीय एजेंसी विशेष जांच दल (SIT) या अन्य
उपयुक्त माध्यम से निष्पक्ष जांच कराने का कष्ट करें, जिससे घटना के वास्तविक तथ्यों का पता चल सके.
