NEET एग्जाम में फेल हुआ तो बन बैठा नकली ब्रिगेडियर, सैन्य एरिया में घुसते ही अरेस्ट; चौंका देगा खुलासा

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक फर्जी ब्रिगेडियर और उसके नकली NSG कमांडो साथियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी आर्यन वर्मा ने NEET परीक्षा में फेल होने के बाद सेना में रौब झाड़ने के लिए यह जालसाजी की. पुलिस ने उनके पास से सेना के संवेदनशील दस्तावेज, वर्दी, झंडा और नकली पिस्तौल बरामद किए हैं. सेना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

शाहजहांपुर में पकड़ा गया नकली ब्रिग्रेडियर

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक फर्जी ब्रिगेडियर को अरेस्ट किया गया है. इस जालसाज के साथ दो नकली एनएसजी कमांडो और एक ड्राइवर भी अरेस्ट हुआ है. पुलिस ने इन सभी के पास से सेना के संवेदनशील दस्तावेज, गाड़ी पर स्टार प्लेट और सेना का फ्लैग और नकली पिस्टल भी बरामद किया है. सेना के अधिकारियों ने आरोपी के साथ गहन पूछताछ के बाद उसे थाना सदर बाजार कोतवाली पुलिस को सौंपते हुए मुकदमा दर्ज कराया है. अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.

जानकारी के मुताबिक शाहजहांपुर के कैंट क्षेत्र में म्यूजियम के पास ब्रिगेडियर की वर्दी पहने आरोपी संदिग्ध परिस्थिति में घूमता नजर आया. वहां मौजूद रिटायर्ड सैन्य कर्मियों को इसकी गतिविधियां संदिग्ध नजर आई तो सेना के अधिकारियों को सूचित कर दिया. इसके बाद सेना में कर्नल रैंक के एक अधिकारी ने इससे पूछताछ की. इसमें आरोपी के मंसूबों का खुलासा हुआ. ऐसे में सेना ने तुरंत आरोपी की टाटा हैरियर कार, जिसमें सेना का झंडा और स्टार प्लेट लगा था, उसे कब्जे में ले लिया. इसी के साथ आरोपी और उसके साथियों को भी बैठा लिया गया.

पूछताछ में बड़ा खुलासा

सेना के अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ की. इसमें आरोपी ने अपनी पहचान 21 वर्षीय आर्यन वर्मा के रूप में बताई है. कहा कि वह नीट की परीक्षा देकर डॉक्टर बनना चाहता था, लेकिन परीक्षा में फेल हो गया. शाहजहांपुर के दुर्गा एनक्लेव कॉलोनी थाना रोजा के रहने वाले इस बदमाश ने बताया कि ऐसी स्थिति में रौब झाड़ने के लिए वह फर्जी ब्रिगेडियर बन बैठा. आरोपी के साथ पकड़े गए दोनों बाउंसरों और ड्राइवर के पास भी सेना के फर्जी दस्तावेज पाए गए हैं. ये आरोपी खुद को एनएसजी कमांडो बताते थे.

जांच में जुटी पुलिस

सेना के अधिकारियों ने पूछताछ के बाद आरोपी को पुलिस को सौंप दिया. वहीं अब पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही ळै. सीओ सिटी पंकज पंत के मुताबिक अब तक की जांच पड़ताल और पूछताछ में पता चला है कि आरोपी पहले डॉक्टर बनना चाह रहा था, लेकिन यह हसरत पूरी नहीं हुई तो आरोपी ने ब्रिगेडियर बनकर अपनी ख्वाहिश पूरी करने की कोशिश की है. आरोपी के पास से स्टार प्लेट और सेना का फ्लैग लगी एक टाटा हैरियर कार, आर्मी स्टिक (छड़ी), वर्दी, वैज, सेना का फर्जी आई कार्ड, आधार कार्ड पैन कार्ड सहित नकली पिस्टल भी बरामद किया गया है.

सामने आई आरोपी की पहचान

फर्जी ब्रिगेडियर आर्यन वर्मा के पिता अनिल वर्मा उद्यान विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं. जबकि मां सरकारी स्कूल में टीचर हैं. वह दो बार नीट की परीक्षा में बैठा, लेकिन फेल हो गया. जब डॉक्टर बनने की चाहत पूरी नहीं हुई तो उसने सेना में भर्ती होने की कोशिश की. इसमें भी सफलता नहीं मिली तो वह फर्जी ब्रिगेडियर बन बैठा. अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है. पुलिस के मुताबिक जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी.

Follow Us