गौतम मौर्य हत्याकांड: मुख्य आरोपी का घर जमींदोज, पीड़ित परिवार संतुष्ट; बोले- CM ने वादा निभाया
शाहजहांपुर में गौतम मौर्य हत्याकांड के मुख्य आरोपी समीर इदरीसी का घर बुलडोजर से ढहा दिया गया. जिला प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से गौतम के परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया. उन्होंने SIT जांच और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की भी मांग की है.
शाहजहांपुर में बहुचर्चित गौतम मौर्य हत्याकांड के मुख्य आरोपी समीर इदरीसी के घर को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया है. जिला प्रशासन एवं पुलिस बल की मौजूदगी में उपरोक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया है. इस पूरे प्रकरण में गौतम मौर्या के पिता चाचा का दर्द छलका है. वह कार्रवाई से संतुष्ट थे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शुक्रिया किया है.
यह शाहजहांपुर में अब तक की सबसे बड़ी बुलडोजर कार्रवाई थी. प्रशासन अब घर गिरने के बाद जो मालवा गलियों में बिखर गया उसे हटाने की कार्रवाई में जुटा हुआ है. समीर इदरीसी जिसने गौतम मौर्य की हत्या की थी उसके घर को बुलडोजर से गिराया गया है. घर में 45 लोगों का परिवार रहता था. कार्रवाई से पहले सारा सामान निकाल दिया गया था.
‘CM योगी ने जो वादा किया था उसे निभाया’
इस पूरी कार्रवाई के दौरान एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एसडीएम सदर, सीओ सिटी सहित भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी रही. आरोपी समीर के मकान में तीन हिस्से हैं. एक मां सलमा के नाम पर जबकि दो हिस्से अन्य के नाम दर्ज हैं. बिना स्वीकृत मानचित्र वाले हिस्सा को तोड़ा गया है.
कार्रवाई को लेकर गौतम मौर्य के पिता ने मुख्यमंत्री योगी का धन्यवाद किया है. पिता ने कहा कि उन्होंने जो वादा किया था उसे निभाया है. हालांकि, चाचा राजकुमार का कहना है कि अभी इस प्रकरण की सही से जांच होना बाकी है. उन्होंने SIT जांच कराने और जो अन्य आरोपी अभी बाहर हैं उन्हें भी जेल की सलाखों के पीछे भेजे जाने की मांग की है.
इंस्टाग्राम विवाद और प्रेम प्रसंग में मर्डर
दरअसल, 31 जुलाई की रात गौतम मौर्य की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी. इंस्टाग्राम विवाद और प्रेम प्रसंग इसके पीछे की वजह थी. जांच के अनुसार, मृतक गौतम मौर्य ने 12 जुलाई को इंस्टाग्राम पर एक युवती की फोटो पोस्ट की थी. इसको लेकर मुख्य आरोपी समीर इदरीसी और गौतम के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद आरोपी ने मर्डर का प्लान बनाया.
आरोपी समीर ने 31 जुलाई की रात को गौतम को रास्ते में रोका, जब वह दुकान बंद करके घर लौट रहा था. उसने बाइक पर लिफ्ट ली. इसके बाद मौका पाकर अपने साथियों के साथ चाकू से मौत के घाट उतार दिया. दो समुदाय के बीच मामला होने के चलते एक अगस्त को हिंदू संगठनों ने जमकर प्रदर्शन किया, जिसके बाद एसपी ने बुल्डोजर की बात कही थी.