18 घंटे तक टॉवर पर क्यों चढ़ा रहा युवक? उतारने के लिए SP और ADM को आना पड़ा

शाहजहांपुर में एक युवक 18 घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़ा रहा. उसने पुलिस पर मुकदमा दर्ज न करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया. लंबी बातचीत और आश्वासन के बाद प्रशासन ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा. एसपी और एडीएम को उसे नीचे उतारने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी.

शाहजहांपुर: मोबाइल टावर पर 18 घंटे बाद उतरा युवक

शाहजहांपुर में शुक्रवार को हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. तिलहर थाना क्षेत्र के कछियानी खेड़ा स्थित BSNL के मोबाइल टावर पर चढ़ा एक युवक करीब 18 घंटे तक ऊपर बैठा रहा. पुलिस, प्रशासन और परिजनों की लगातार कोशिशों के बाद भी युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं था. आखिर में एसपी ग्रामीण और एडीएम वित्त ने समझाकर उसे नीचे उतारा.

जानकारी के अनुसार, आकाश नाम का युवक गुरुवार रात करीब 10 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया था. वह टावर की सबसे ऊंची जगह पर जाकर बैठ गया. वह परिवार के मनाने पर भी अड़ा रहा. एसपी ग्रामीण ने थक हारकर दो पुलिसकर्मियों को ऊपर भेजा जिन्होंने आकाश से वार्ता करवाई और वह नीचे आया, जिससे बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली.

नीचे उतरने के बाद पुलिस पर लगाया आरोप

नीचे उतरने के बाद आकाश ने बताया कि वह कटरा थाना क्षेत्र के रामनगर मोहल्ले का रहने वाला है. उसका आरोप है कि राठौर लोगों से उसका झगड़ा हो गया था. उसकी शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, बल्कि उसके खिलाफ ही छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर दिया. उसे काफी प्रताड़ित किया गया. इसके बाद वह हरियाणा में नौकरी करने चला गया.

उसने आरोप लगाया कि हरियाणा में उसका मोबाइल चोरी हो गया था. शिकायत करने पर वहां की पुलिस ने भी उसे प्रताड़ित किया. वहीं आकाश की माता अनीता और पुलिस का कहना है कि मोहल्ले वालों द्वारा आकाश की पिटाई की गई थी, वह इसी बात से तनाव में था और लगातार बदला लेने की बात करता था. उसकी मानसिक हालत भी ठीक नहीं है.

CO ने CBI अधिकारी बनकर भी की थी बात

टावर पर चढ़कर युवक लगातार सीबीआइ और सेना को बुलाने की बात कर रहा था. इसपर CO इशिका सिंह ने उसे नीचे उतारने के लिए खुद को सीबीआइ का अधिकारी बताकर बात की, लेकिन युवक नहीं माना. पुलिसकर्मियों को सेना की वर्दी में भी बुलाया गया था. फिलहाल पुलिस युवक को तिलहर थाने लेकर गई है. मामले की जांच की जा रही है.

Follow Us