जयमाल होते बजी घंटी, मोबाइल देखकर भड़की दुल्हन और टूट गई शादी; फिर बिचौलिए को क्यों आया हार्ट अटैक?
उत्तर प्रदेश के शामली में एक शादी उस वक्त टूट गई जब जयमाल के बाद दुल्हन ने मोबाइल पर एक मैसेज देखकर शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर विवाद और मारपीट हुई. इस सदमे से बिचौलिए को हार्ट अटैक आ गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. दूल्हा पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर जांच जारी है.
उत्तर प्रदेश के शामली में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा बवाल हुआ. यहां शादी का मंडप सजा था. जयमाल के स्टेज पर दूल्हा और दुल्हन दोनों मौजूद थे. दोनों ने एक दूसरे को माला पहनाई. तभी दुल्हन के मोबाइल पर एक मैसेज आया. इसे देखते ही दुल्हन भड़क गई. उसने शादी से इनकार कर दिया. इस बात को लेकर शुरू हुआ विवाद हंगामे में बदल गया. दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट तक होने लगी.
इधर, शादी टूटने की खबर से ही बिचौलिए को ऐसा सदमा लगा कि उसे हार्ट अटैक आ गया. आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. जानकारी के मुताबिक मुजफ्फरनगर की रहने वाली एक युवती की शादी शामली में रहने वाले युवक के साथ तय हुई थी. यह शादी दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित एक बारात घर में हो रही थी. इसके लिए दोनों पक्षों के लोग अपने नाते रिश्तेदारों के साथ पहुंचे हुए थे. इस बारात घर की बुकिंग और शादी का पूरा खर्च दूल्हा पक्ष के लोग वहन कर रहे थे.
फिर हुआ बवाल
शाम को जब बारात पहुंची तो दुल्हन पक्ष के लोगों ने आगे बढ़कर भव्य स्वागत किया. इसके बाद खुशी-खुशी जयमाल की रस्म हुई. इसके बाद दूल्हा और दुल्हन मंच पर बैठ गए और आर्शीवाद का क्रम शुरू हुआ. इतने में दुल्हन के मोबाइल पर किसी ने एक मैसेज किया. इस मैसेज को लेकर दुल्हन असहज हो गई. यह देखकर दूल्हे ने पूछताछ की, लेकिन इससे मामला और बिगड़ गया. इसपर दूल्हे ने आपत्ति की तो दुल्हन नाराज होकर खड़ी हो गई और शादी से इनकार कर दिया.
दोनों पक्षों में जमकर हुई मारपीट
हालात को देखते हुए दोनों पक्षों के लोगों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन टस से मस नहीं हुई. इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों में पहले तीखी नोकझोंक और फिर गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई. इस बीच बिचौलिए ने सुलह कराने की काफी कोशिश की, लेकिन आखिर तक बात नहीं बनी तो वह सदमे में आ गया और इसी सदमे की वजह से उसे हार्ट अटैक आ गया.
बैरंग लौटी बारात
इस घटना के बाद शादी टूट गई. जयमाल के बाद आगे की कोई रस्म नहीं हुई और दूल्हा बिना फेरों के ही बारात लेकर बैरंग वापस लौट गया. इस संबंध में दूल्हा पक्ष ने आदर्श मंडी थाने में तहरीर दी है. इसमें दुल्हन और उसके परिवार के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए थाने बुलाया है. थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है.
