नशे में धुत होकर मंडप में पहुंचा था दूल्हा, फेरों से पहले लडखड़ाकर गिरा; गुस्से में दुल्हन ने लौटा दी बारात
सोनभद्र में एक शादी में नशे में धुत दूल्हे को लेकर बड़ा बवाल हुआ. दरअसल यह दूल्हा मंडप में ही लड़खड़ाकर गिर गया था. यह देखकर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया. मामला पुलिस तक पहुंचा, पर दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया. इसमें तय हुआ कि दूल्हा पक्ष दहेज में दी गई तीन लाख की रकम वापस लौटाएगा. इसके बाद बिना दुल्हन के ही बारात लौटा दी गई.
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा बवाल हुआ. इस समारोह में खुद दूल्हा ही नशे में धुत था. जैसे ही वह मंडप में पहुंचा, लड़खड़ाकर गिर पड़ा. यह देखते ही दुल्हन गुस्से में खड़ी हो गई और उसने तुरंत रिश्ता तोड़ने का ऐलान कर दिया. इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा. हालांकि बाद में दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया और बिना दुल्हन के ही बारात वापस लौट गई. मामला सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र में एक गांव का है.
पुलिस ने घटना की तो पुष्टि की, लेकिन कहा कि इस मामले में दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया है. इसलिए किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत नहीं दी है. जानकारी के मुताबिक यहां मध्य प्रदेश के सिंगरौली से बारात आई थी. इसके बाद द्वारपूजा और दूल्हा जनवासे में चला गया. फिर गुरहत्थी के बाद दूल्हा वापस मंडप में आया तो शराब के नशे में धुत था. ऐसे में वह मंडप में बैठते समय लड़खड़ाकर गिर गया.
दूल्हे के गिरते ही भड़की दुल्हन
दूल्हे के लड़खड़ाकर चलते और मंडप में धम से गिरते देखकर दुल्हन भड़क गई. उसने शराबी दूल्हे से शादी करने से साफ मना कर दिया. दुल्हन ने कहा कि अब किसी हाल में आगे की रस्में पूरी नहीं होंगी. इसके बाद दोनों पक्षों ने मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन मंडप से उठकर चली गई. इसके बाद दोनों पक्षों में बवाल बढ़ गया. नौबत यहां तक आई कि पुलिस बुलानी पड़ी. इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों ने समझौता किया. बताया जा रहा है कि दहेज के रूप में दी गई करीब तीन लाख रुपये की रकम लौटाने पर सहमति बनी है.
बैरंग लौटी बारात
काफी देर चले हंगामे के बाद दुल्हन पक्ष ने बारात को बैरंग लौटा दिया. गनीमत रही कि इतना सबकुछ होने तक सभी बाराती खाना खा चुके थे. पुलिस के मुताबिक डायल 112 पर घटना की जानकारी मिली थी, लेकिन किसी भी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी है. हालांकि पुलिस ने कहा कि इस मामले में यदि भविष्य में भी कोई शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उधर, दुल्हन के पिता ने बताया कि वर नशे में धुत था और मंडप में अभद्रता कर रहा था, इसलिए उनकी बेटी ने शादी से मना किया है.
रिपोर्ट- मोहित मिश्रा, सोनभद्र
