हॉस्पिटल, हॉस्टल, और सड़क… काशी में PM मोदी का 6350 करोड़ का तोहफा, ये बोलकर तो छू लिया बनारसियों का दिल
प्रधानमंत्री मोदी ने काशी को ₹6350 करोड़ की विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया है. इनमें अत्याधुनिक अस्पताल, सड़कें व हॉस्टल शामिल हैं. उन्होंने नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में महिला आरक्षण लागू करने को अपना अंतिम लक्ष्य बताया. पीएम ने दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई और 500 बेड के मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की नींव रखी. यह काशी के समग्र विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र काशी में हैं. मंगलवार को उन्होंने वाराणसी में आयोजित नारी शक्ति वदंन सम्मेलन में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने शहर में 6350 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उदघाटन किया. इसमें अत्याधुनिक अस्पताल से लेकर हॉस्टल और सड़कें शामिल हैं. इस मौके पर पीएम मोदी ने जनता से संवाद भी किया. महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इसे लागू करना ही उनका अंतिम लक्ष्य है.
पीएम मोदी ने बनारसियों से संवाद करते हुए ठेठ बनारसी अंदाज दिखाया. कहा कि अक्सर यहां घरों में महिलाओं और बेटियों से कहा जाता है कि ‘ई काम तो से ना होई…’, लेकिन अब इसी सोच को बदलना है. उन्होंने कहा कि ये काशी की धरती दिव्य शक्तियों की भूमि है. ये माता श्रृंगार गौरी, माता अन्नपूर्णा, माता विशालाक्षी, माता संकठा और मां गंगा आदि दिव्य शक्तियों की भूमि है. इस सम्मेलन में बहन बेटियों ने पहुंच कर इस कार्यक्रम को भी दिव्य बना दिया है.
बहन बेटियों से मांगा आर्शीवाद
पीएम मोदी ने कहा कि इस दिव्य भूमि पर खड़े होकर सभी मां-बहनों को प्रणाम करते हैं. साथ ही बतौर प्रधानमंत्री वह देश की बहन बेटियों से एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आर्शीवाद मांगते हैं. यह लक्ष्य लोकसभा-विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करना है. उन्होंने कहा कि अभी इस दिशा में कोशिश की थी, लेकिन सपा और कांग्रेस जैसे दलों की वजह से सफलता नहीं मिली. लेकिन उनकी कोशिश रहेगी कि आपके आरक्षण का हक लागू हो.
महिलाओं के सामने गिनाया काम
पीएम मोदी ने इस मौके पर कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं के सामने अपना काम भी गिनाया. कहा कि 2014 में आपने सेवा का मौका दिया था. उसके बाद देश में 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बने. 30 करोड़ से ज्यादा बहनों के बैंक खाते खुले. 2.5 करोड़ से ज्यादा घरों में बिजली का कनेक्शन मिला. 12 करोड़ से ज्यादा घरों में नल से जल पहुंचाया. ये सभी योजनाएं बहन बेटियों को ध्यान में रखकर ही तो लायी गईं थी. अब अगला मिशन महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण है, और इसे भी पूरा कर के रहेंगे.
चलाई दो अमृत भारत ट्रेन
इस कार्यक्रम से पहले पीएम मोदी ने दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसमें एक बनारस-पुणे और दूसरी अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनल)) शामिल है. उन्होंने कहा कि अमृत भारत ट्रेनों से लोगों का सफर आसान होगा. इसके बाद पीएम मोदी ने बीएचयू में एक हॉस्टल और एक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की नींव रखी. इसी क्रम में उन्होंने काली माता मंदिर से रिंग रोड तक वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग के 4 लेन चौड़ीकरण का उद्घाटन किया. इस दौरान प्रधानमंत्री ने 19 संपर्क ग्राम मार्गों का लोकार्पण किया है.
बनेगा 500 बेड का अस्पताल
काशी में प्रधानमंत्री ने 71 संपर्क ग्राम मार्गों का शिलान्यास किया. साथ ही एसएसपीजी में 500 बेड के मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की नींव रखी. इस दौरान उन्होंने 198 बेड के अस्पताल का पुनर्विकास एवं रीमॉडलिंग, अस्सी घाट पर मैकेनाइज़्ड पार्किंग, नगर निगम के भवन, 100 बेडेड क्रिटिकल केयर ब्लॉक, गोला घाट से नमो घाट तक घाटों पर पर्यटन सुविधाओं का नवीनीकरण एवं विकास, राज्य हिंदी संस्थान के मुख्य भवन एवं छात्रावास का मरम्मत एवं निर्माण, वाराणसी बाईपास फोरलेन के दोनों ओर सर्विस रोड, बीएचयू में अय्यर बॉयज हॉस्टल आदि का भी आधारशिला रखी.
