बरेली: छात्रा ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप तो सपा पार्षद बोले- हनी ट्रैप में फंसाया गया

बरेली में सपा पार्षद उमान रजा और उनके भाई पर एक कॉलेज छात्रा ने अपहरण, मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं उमान रजा ने हनी ट्रैप का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रा ने पैसों के लिए झूठा मुकदमा दर्ज कराया है.

उमान रजा

यूपी के बरेली जिले में एक हाईप्रोफाइल मामला सामने आया है. यहां बरेली कॉलेज की छात्रा ने समाजवादी पार्टी के पार्षद, दरगाह आला हजरत काउंसिल के चेयरमैन उमान रजा और उनके भाई जुएब रजा पर अपहरण, मारपीट और छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है.

इस पूरे मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है. वहीं, दूसरी ओर उमान रजा ने छात्रा और उसके परिवार पर हनी ट्रैप रचकर फंसाने का आरोप लगाया है. मामला दोनों तरफ से तूल पकड़ता जा रहा है. इसलिए पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. पार्षद ने कहा कि उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है.

दरअसल, प्रेमनगर के रहने वाले और मौला नगर वार्ड 24 से सपा पार्षद उमान रजा ने अपने वकील के साथ DIG और एसएसपी से इसकी शिकायत की है. उन्होंने कहा कि वे समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं. दरगाह आला हजरत परिवार का हिस्सा हैं. इसलिए उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है. उमान रजा का आरोप है कि उन्होंने खुद 3 जून को प्रेमनगर थाने में शिकायत दी थी. उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर थाने में बातचीत करवाई थी. बातचीत के बाद आपसी समझौता हो गया था.

एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुआ केस

उमान रजा का आरोप है कि समझौता हो जाने के बावजूद छात्रा ने 5 जून को एसएसपी से शिकायत की. एसएसपी के आदेश पर 6 जून को प्रेमनगर थाने में उनके भाई जुएब रजा और एक अज्ञात शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई. तीनों पर अपहरण, छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप लगे हैं.

छात्रा ने लगाया गंभीर आरोप

छात्रा का आरोप है कि 26 मई को जब वह बरेली कॉलेज गेट के पास थी, तभी उमान रजा, उनके भाई जुएब रजा और एक अन्य शख्स में आकर उसे जबरन उठा ले गए. छात्रा ने आरोप लगाया कि जुएब रजा ने उस पर निकाह करने का दबाव बनाया और अश्लील फोटो खींच ली. इसके बाद तीनों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और धमकी दी कि इस बार तो छोड़ रहे हैं. अगली बार नहीं छोड़ेंगे.

पार्षद ने बताया हनी ट्रैप का मामला

वहीं दूसरी ओर सपा पार्षद उमान रजा ने दावा किया कि यह पूरा मामला हनी ट्रैप का है. उनका कहना है कि छात्रा और उसके परिवार ने उनके भाई जुएब रजा को फंसाया है. उमान रजा ने बताया कि करीब एक साल पहले छात्रा ने जुएब से स्नैपचैट के जरिये दोस्ती की थी. फिर दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई. छात्रा ने शादी का झांसा देकर जुएब से करीब 10 लाख रुपए और एक सोने का रानी हार ले लिया.

अब आरोप है कि छात्रा का परिवार 50 लाख रुपए और मांग रहा है. भाई डिप्रेशन में है और पुलिस जांच कर रही है. उमान रजा ने बताया कि वे अपने भाई के साथ एसएसपी और आईजी से मिले हैं. उन्होंने अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी और लिखित शिकायत भी सौंपी. पार्षद का कहना है कि उनका भाई इस घटना के बाद डिप्रेशन में चला गया है. उन पर और उनके भाई पर झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया गया है. वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us