काम में बिजी थी पत्नी, नहीं उठाया फोन; गुस्से में पति ने पीट-पीटकर ले ली जान
सुल्तानपुर में एक पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी, क्योंकि उसने फ़ोन नहीं उठाया था. मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और पत्नी को अपनी जान गंवानी पड़ी. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच कर रही है. यह घटना घरेलू हिंसा के बढ़ते मामलों की ओर इशारा करती है, जहां छोटी बातों पर भी रिश्ते टूट रहे हैं.
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक युवक ने अपनी ही पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. वारदात के पीछे की वजह मामूली विवाद बताया जा रहा है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं आरोपी पति को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. वारदात सुल्तानपुर जिले के धनपतगंज थाना क्षेत्र में सेवरा चरथई गांव का है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान इस गांव में रहने वाले नकछेद के रूप में हुई है. वह राजगीर का काम कर परिवार का पेट पालता था. स्थानीय लोगों के मुताबिक मंगलवार को उसकी पत्नी घर में किसी काम में बिजी थी. इसी दौरान नकछेद ने उसे फोन किया. घंटी की आवाज पत्नी नहीं सुन पायी, जिसकी वजह से उसने फोन नहीं उठाया. इतनी सी बात पर आरोपी नकछेद इस कदर नाराज हो गया, कि घर लौटते ही उसने पत्नी से मारपीट शुरू कर दी.
लाठी की चोट से हुई मौत
पुलिस के मुताबिक आरोपी पति ने गुस्से में पत्नी के ऊपर लाठी से ताबड़तोड़ हमला करने लगा. इस दौरान सिर में चोट लगने से उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई और जमीन पर गिरकर तड़पने लगी. मौके पर काफी खून बह जाने की वजह से उसकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
जांच में जुटी पुलिस
सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार के मुताबिक आरोपी को मौके से अरेस्ट कर लिया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है. इसके अलावा घटना के संबंध में आरोपी के परिजनों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले में आरोपी के खिलाफ जल्द ही मजबूत चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करेगी.
