उन्हें कह दो, मैं ही चुनाव लड़ रहा हूं…’ सोशल मीडिया पर दावेदारों की चर्चा पर भड़के कमाल अख्तर

कांठ विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी में टिकट को लेकर घमासान तेज है. मौजूदा विधायक कमाल अख्तर ने अपने विरोधियों को चुनौती देते हुए कहा कि मैं ही इस सीट से चुनाव लड़ रहा है.

सपा विधायक कमाल अख्तर ने विरोधियों को दी चुनौती (फाइल फोटो)

यूपी में विधानसभा चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक पार्टियों में टिकट की दावेदारी के लिए हलचल तेज हो गई है. इसी कड़ी में मुरादाबाद की कांठ विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) के भीतर भी टिकट की दावेदारी को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है. क्षेत्र के कई नेताओं के नाम दावेदारों के रूप में चर्चा में हैं और उनके समर्थक अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय होकर दावेदारी पेश कर रहे हैं.

इस बीच, मौजूदा सपा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपने विरोधियों पर तीखा हमला बोलते नजर आ रहे हैं. कमाल अख्तर ने तीखे लहजे में कहते हैं, ‘उन्हें जाकर कह दो कि मैं चुनाव लड़ रहा हूं, बता दियो कि यहां से कौन लड़ेगा.’

मुलायम सिंह यादव की स्मृति कार्यक्रम में भड़के

यह पूरा घटनाक्रम तब सामने आया जब कमाल अख्तर स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की स्मृति में कांठ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. कार्यक्रम के दौरान जब कुछ कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर चल रही अन्य दावेदारों की चर्चा छेड़ दी, तो कमाल अख्तर ने बिना किसी का नाम लिए, सोशल मीडिया के जरिए माहौल बनाने वाले विरोधियों को सीधा जवाब दिया है.

कमाल अख्तर ने इस दौरान अपने कार्यकर्ताओं से कहा, ‘उन्हें जाकर कह दो कि मैं चुनाव लड़ रहा हूं, बता दियो कि यहां से कौन लड़ेगा.’ उन्होंने आगे कहा कि टिकट और जीत-हार अल्लाह के हाथ में है और खुदाई का दावा कोई नहीं कर सकता.

30 साल के राजनीतिक संघर्ष का दिया हवाला

अपने राजनीतिक अनुभव और पार्टी के प्रति निष्ठा का जिक्र करते हुए कमाल अख्तर ने कहा कि उन्होंने पिछले 30 सालों से समाजवादी पार्टी का झंडा मजबूती से उठा रखा है. कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि वे केवल सोने का समय खुद को देते हैं, बाकी पूरा समय समाजवादी पार्टी, मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव को समर्पित है.

विरोधियों पर तंज कसते हुए कमाल अख्तर ने कहा कि क्षेत्र में मतदाता सूची दुरुस्त कराने और वोट बढ़वाने का जमीनी काम उन्होंने किया है, जबकि कुछ लोग केवल ‘दावत खाने’ और चुनाव हराने के मकसद से क्षेत्र में आते हैं. कमाल अख्तर के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है.

कमाल अख्तर का राजनीतिक सफर

कांठ विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक कमाल अख्तर का लंबा राजनीतिक इतिहास रहा है. स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के करीबी माने जाने वाले कमाल अख्तर को पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं, जिनमें युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद भी शामिल है.

अपने शुरुआती दौर में एक बार विधानसभा चुनाव से ऐन पहले उनका टिकट कट गया था, जिसके बाद मुलायम सिंह यादव ने उन्हें राज्यसभा भेजा था. वर्तमान में वे कांठ विधानसभा से सपा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और आगामी चुनाव के लिए भी अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं.

Follow Us