पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी सेना की एंबुलेंस; 4 की मौत

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है. पंचकुला से सेना के जवान का शव लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे 4 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में मृत जवान के परिजन, एक सेना का जवान और एंबुलेंस चालक शामिल हैं.

खड़े ट्रक में घुसी सेना की एंबुलेंस

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में रविवार की अलसुबह बड़ा हादसा हुआ है. पंचकुला से सेना के एक जवान का शव लेकर देवरिया जा रही एक तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क के किनारे खड़े ट्रक में घुस गई. इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इनमें दो लोग मृत जवान के परिजन हैं. वहीं बाकी दो लोगों में एक सेना का जवान और दूसरा एंबुलेंस का ड्राइवर है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

हादसा रविवार की सुबह करीब 8 बजे सुल्तानपुर में हलियापुर थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस पूरी रफ्तार में गाजीपुर की ओर जा रही थी. जैसे ही यह गाड़ी हलियापुर के पास पहुंची, अचानक बेकाबू हो गई और देखते ही देखते सड़क के किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी. यह हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं एंबुलेंस में सवार सभी लोग बुरी तरह जख्मी हो गए.

थाने में रखवाया जवान का शव

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. चूंकि एंबुलेंस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी, इसलिए अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए एंबुलेंस की बॉडी को काटना पड़ा. वहीं जब सभी लोगों को बाहर निकाला गया, उस समय तक सभी की मौत हो चुकी थी. पुलिस के मुताबिक फिलहाल जवान के शव को हलियापुर थाने में रखवाया गया है. वहीं शव के साथ चल रहे लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

जवान के परिवार में मचा कोहराम

पुलिस के मुताबिक मृत जवान के परिवार को इस घटना की सूचना दे दी गई है. यह सूचना मिलते ही पहले ही परिवार के लोग शोकग्रस्त थे, इस हादसे के बाद परिवार और उनके पूरे गांव में कोहराम मच गया है. अब परिवार के लोग तीनों शवों को लेने के लिए देवरिया से सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गया है. पुलिस के मुताबिक एंबुलेंस के ड्राइवर और साथ चल रहे सेना के जवान के परिवार वालों को भी सूचना दी जा रही है.

Follow Us