आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलटी बस; 5 की मौत 8 घायल
उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 8 घायल हुए. ड्राइवर को नींद की झपकी आने से तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई और एक कार को भी टक्कर मार दी. पुलिस ने बचाव कार्य कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह बड़ा हादसा हुआ. यहां एक तेज रफ्तार निजी बस चालक को नींद की झपकी आने की वजह से अनियंत्रित हो गई. देखते ही देखते यह बस एक्सप्रेसवे से नीचे उतरकर खंती में पलट गई. हादसे के दौरान बस ने पास से गुजर रही एक कार को भी अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह हादसा उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्र में हुआ है.
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है. सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है. वहीं मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. पुलिस के अनुसार यह हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 230.800 के पास हुआ. बिहार नंबर (बीआर06 पीएफ 1024) की बस हरियाणा से बिहार जा रही थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक को नींद आने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया. एक्सप्रेसवे से नीचे उतरते समय बस सामने से गुजर रही कार (यूपी58 एके 3461) से टकरा गई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
इन यात्रियों की हुई मौत
पुलिस ने इस हादसे में मारे गए यात्रियों की सूची जारी कर दी है. इनमें बस की चपेट में आई कार में सवार दिव्या (6 वर्ष), अंजू (40 वर्ष), अमृता (13 वर्ष), धुनमुन (60 वर्ष) और कार चालक विनोद (45 वर्ष) शामिल हैं. वहीं कार में ही सवार चार अन्य लोग और बस में सवार चार यात्री घायल हुए हैं. पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को एक्सप्रेसवे से हटाकर किनारे करा दिया है. पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस चालक को नींद की झपकी आना निकल कर सामने आया है. हालांकि पुलिस ने अन्य एंगल से भी मामले की जांच कर रही है. इसी क्रम में पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है. वहीं घायलों को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर किया गया है. पुलिस के मुताबिक घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है.
