उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, खड़ी ट्रक से टकराई टाटा पंच कार; 4 की दर्दनाक मौत
उन्नाव के गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है. किलोमीटर संख्या 387 पर खड़ी ट्रक से तेज रफ्तार टाटा पंच कार टकरा गई, जिसमें कार सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक प्रयागराज से मेरठ जा रहे थे. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों से बात की और हर संभव मदद देने के निर्देश दिए.
उन्नाव के के थाना आसीवन क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. किलोमीटर संख्या 387 पर खड़ी ट्रक से तेज रफ्तार टाटा पंच कार टकरा गई, जिसमें कार सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मृतक प्रयागराज से मेरठ जा रहे थे. इस भीषण सड़क हादसे में टाटा पंच कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई.
इस दर्दनाक सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है. उत्तर प्रदेश CMO का कहना है कि मुख्यमंत्री ने मृतकों के दुखी परिवारों के प्रति संवेदना जताई. अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया. साथ ही सीएम योगी ने मृतकों के परिवारों से बात की और हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं.
कार में आगे बैठे दो शवो को क्रेन से निकाल गया
डीएम उन्नाव घनश्याम मीना ने बताया कि दोपहर करीब 15.20 बजे थाना आसीवन पुलिस को सूचना मिली कि गंगा एक्सप्रेस वे किमी संख्या 387.6 के पास ट्रक नं0 HR38 AB 0693, जो कि कुछ खराबी आने के कारण रोड के किनारे खड़ा था, में पीछे से टाटा पंच कार UP70 HX 5197 ने टक्कर मार दी. जिसमें कार सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई है.
सूचना मिलने पर थाना आसीवन पुलिस और यूपीडा टीम तत्काल मौके पर पहुंची. जहां दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल पड़े थे. यूपीडा की टीम ने दोनों घायलों को उन्नाव जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां पर डॉक्टरों ने उन दोनों घायलों को मृत घोषित कर दिया. हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी, आगे बैठे दो शवो को क्रेन से बाहर निकाल गया.
मरने वाले में दो की पहचान, दो शव अभी अज्ञात
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान उदय सिंह (26 साल) पुत्र राम सिंह पटेल और अनुपम गुप्ता (उम्र 32) पुत्र अजय गुप्ता के रुप में हुई है. ये दोनों इलाहाबाद के जाफरपुर उर्फ बाबूगंज के रहने वाले थे. वहीं, कार सवार दो अन्य मृतक साथी अज्ञात हैं. पुलिस ने इसके बाद मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
