उन्नाव में मारा गया संत मिलन दास का हत्यारा इजराइल, 1 लाख का था इनाम

संत बाबा मिलन दास के हत्यारोपी इजराइल को मार गिराया है. वारदात के बाद से ही फरार इस बदमाश पर पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनामिया घोषित किया था. पुलिस और SOG टीम ने घेराबंदी कर सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन यह बदमाश पुलिस पर ही फायरिंग करने लगा. ऐसे में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए इस बदमाश को मार गिराया.

उन्नाव में पुलिस एनकाउंटर Image Credit:

उन्नाव पुलिस ने संत बाबा मिलन दास के हत्यारोपी इजराइल को मार गिराया है. वारदात के बाद से ही फरार इस बदमाश पर पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनामिया घोषित किया था. इस बदमाश का पीछा कर रही उन्नाव पुलिस को इसके संबंध में रविवार को रात को कुछ इनपुट मिले थे. इसके बाद पुलिस और SOG टीम ने घेराबंदी ककी और इसे सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन यह बदमाश पुलिस पर ही फायरिंग करने लगा.

ऐसे में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए इस बदमाश को मार गिराया. इस एनकाउंटर में गोली लगने से एक पुलिस कांस्टेबल घायल हो गया, जबकि एक दरोगा की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी है. यह पुलिस एनकाउंटर रविवार-सोमवार की देर रात बांगरमऊ थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी के पास सर्विस रोड पर हुई है. एनकाउंटर की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना के बाद घटना की जानकारी दी है.

साथी के इंतजार में खड़ा था इजराइल

पुलिस के मुताबिक पुलिस गश्त में थी. इसी दौरान इनपुट मिले कि बाबा मिलनदास का हत्यारोपी हवाई पट्टी के सर्विस लेन में खड़ा है. बताया गया कि वह अपने साथी का इंतजार कर रहा है. इस सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की. पुलिस ने इस बदमाश को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन इसने पुलिस पर ही फायरिंग कर दी. ऐसे में पुलिस ने अपने बचाव की कोशिश की, फिर भी एक गोली कांस्टेबल विकास भदौरिया के हाथ में लगी. वहीं दूसरी गोली दरोगा न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी है.

जवाबी कार्रवाई में मारा गया बदमाश

बदमाश इजराइल की ओर से फायरिंग का जवाब देते हुए पुलिस ने भी फायरिंग खोल दी. पुलिस ने तीन से चार राउंड गोलियां चलाई. इसमें यह बदमाश बुरी तरह से घायल हो गया. पुलिस ने आनन फानन में इसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने इस बदमाश के पास से एक लंबे फल वाला चाकू और एक 315 बोर का तमंचा बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक बरामद चाकू आला कत्ल भी हो सकता है. पुलिस ने इसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया है.

बांगरमऊ का रहने वाला था बदमाश

पुलिस के मुताबिक बदमाश इजराइल उन्नाव के बांगरमऊ के पूर्विया टोला के रहने वाले शकुर का बेटा था. बचपन से मनबढ़ किस्म के इस बदमाश ने बीते 9 जून को बाबा मिलनदास की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी. इस बदमाश की तलाश कर रही पुलिस को यह हाथ नहीं लगा तो पुलिस ने इसके खिलाफ एक लाख का इनाम घोषित किया था.

Follow Us

Latest Stories