‘अब मैं जीकर क्या करूंगी…’ वाट्सऐप पर स्टेटस लगाकर महिला ने लगाई फांसी, हैरान कर देगी वजह

उन्नाव में माता-पिता और पति को खोने के गहरे सदमे से जूझ रही एक महिला ने वाट्सऐप स्टेटस पर वीडियो लगाकर आत्महत्या कर ली. वीडियो में उसने अकेलेपन और अपने तीन 'सहारे' खोने का दर्द बयां किया. यह घटना मानसिक स्वास्थ्य और अकेलेपन के गंभीर प्रभावों को उजागर करती है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक महिला ने फंदे से लटक कर जान दे दी है. सुसाइड से पहले महिला ने वाट्सऐप पर स्टेटस में एक वीडियो लगाया है. इसमें महिला ने कहा कि पहले माता-पिता की मौत हुई और पति की. ऐसे में अब वह जीकर क्या करेगी. स्टेटस देखकर महिला के भाई ने पुलिस को सूचना दी. लेकिन जबतक महिला का भाई और पुलिस मौके पर पहुंचते, उसकी मौत हो चुकी थी. मामला उन्नाव में सदर कोतवाली क्षेत्र के प्रियदर्शिनीनगर मोहल्ले का है.

महिला के भाई ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि बीते कुछ वर्षों में उसे दुख ने इस कदर घेर लिया था कि वह बुरी तरह टूट गई थी. एक साल पहले उसके माता-पिता की मौत हो गई. चूंकि वह इकलौती संतान थी, इसलिए पति आलोक को लेकर मायके में ही रहने लगी. अभी दो मार्च को उसके पति की भी मौत हो गई. इस घटना के बाद वह अवशाद में चली गई थी. चूंकि तेरही तक घर में रिश्तेदार भरे पड़े थे, इसलिए यह समय कट गया.

नहीं झेल पायी अकेलापन

रिश्तेदारों के जाते ही उसे अकेलापन काटने लगा. ऐसी परिस्थिति में उसने अपने मोबाइल फोन के कैमरे से एक वीडियो बनाया. इसमें अपना दर्द और अंतिम इच्छा प्रकट की. इस वीडियो को उसने स्टेटस पर लगाया और फिर फंदे से लटक कर सुसाइड कर लिया. महिला ने अपने वीडियो में दर्द साझा करते हुए कहा कि एक लड़की के तीन सहारे होते हैं- मां, बाप और पति, मेरे पास अब इनमें से कोई नहीं बचा. सब कहते तो हैं कि आगे सब अच्छा होगा, लेकिन इससे बुरा और क्या होगा?

बताई अंतिम इच्छा

महिला ने वीडियो में कहा कि वह अपने पति के बिना जी कर क्या करेगी. उसने अपनी अंतिम इच्छा बताते हुए कहा कि उसका अंतिम संस्कार अच्छे से कर देना. इस वीडियो को स्टेटस पर लगाने के बाद महिला ने पंखे से फंदा बांधा और उससे लटक गई. थोड़ी देर बाद उसके चचेरे भाई निकेत ने स्टेटस देखा तो हैरान रह गया. उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी और खुद भागकर उसके घर पहुंचा, लेकिन इतने समय में महिला की मौत हो चुकी थी.

Follow Us