‘पहले अपने गिरेबान में झांकें राहुल’, रवनीत बिट्टू को ‘गद्दार’ कहने पर भड़के UP के मंत्री

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा बीजेपी नेता रवनीत बिट्टू को 'गद्दार' कहने पर राजनीतिक घमासान मच गया है. यूपी के मंत्री बलदेव सिंह औलख ने इस टिप्पणी को सिखों का अपमान बताया. साथ ही 1984 के दंगों की याद दिलाते हुए खुद के गिरेबान में झांकने की बात कही.

रामपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यूपी के मंत्री बलदेव सिंह औलख

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के रवनीत बिट्टू को ‘गद्दार’ कहने पर बवाल मचा है. उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री बलदेव सिंह औलख ने शनिवार को इसे सिखों का अपमान बताया. उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी को अपने परिवार समेत सारे सिखों से माफी मांगनी चाहिए. जिनके हाथ खून से रंगे होते हैं उन्हें दूसरे को गद्दार कहने का कोई हक नहीं है.’

यूपी में मंत्री बलदेव सिंह औलख यही नहीं रुके, उन्होंने सिख विरोधी दंगो को याद कर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा. ओलख ने कहा कि राहुल गांधी पहले अपने गिरेबान में झांक कर देखें, 1984 में सिखों को किस तरह से कत्लेआम किया, बहन-बेटियों की इज्जत लूटी गई. यहां तक की हर मंदिर साहिब में भी बम और गोलियों से ढाहने का काम किया.

राहुल गांधी को सिखों से माफी मांगनी चाहिए

औलख ने कहा कि वो ऐसे लोग जो हत्यारे हैं, खुनी हैं, जो सरेआम घूम रहे थे, उनको सजा दिलाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया. उनको जेल भेजना का काम बीजेपी सरकार ने किया. साथ ही उन्होंने कहा कि बाजेपी सांसद रवनीत बिट्टू गद्दार नहीं हैं, राहुल गांधी को अपनी टिप्पणी के लिए सारे सिखों और देश से माफी मांगनी चाहिए.

गद्दार इसलिए कहा क्योंकि वह सिख हैं- PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने भी सदन में इसको लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा था. उन्होंने इसे अहंकार की हद बताते हुए कहा कि कई लोगों ने कांग्रेस छोड़ी है और पार्टी कई बार विभाजित भी हुई है, लेकिन उन्होंने कभी किसी को गद्दार नहीं कहा. कांग्रेस के राजकुमार ने सांसद को गद्दार इसलिए कहा क्योंकि वह सिख हैं. उनके दिल में सिखों के लिए घृणा भरी है.

राहुल गांधी ने कब कहा रवनीत बिट्टू को ‘गद्दार’

यह घटना संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण के एक दिन बाद की है. बीते बुधवार को संसद परिसर में निलंबित विपक्षी सांसदों का विरोध प्रदर्शन चल रहा था. इसमें राहुल गांधी भी शामिल थे, इस दौराम बीजेपी सांसद रवनीत सिंह बिट्टू वहां से गुजर रहे थे, इतने में इस पर राहुल गांधी ने कहा, ‘एक गद्दार यहां से गुजर रहा है, उसका चेहरा देखो.

इसके बाद राहुल गांधी ने बिट्टू की ओर हाथ बढ़ाते हुए कहा, ‘नमस्कार भाई, मेरे गद्दार दोस्त, चिंता मत करो, कांग्रेस में वापस आ जाओ.’ हालांकि, उस दौरान सांसद रवनीत बिट्टू ने राहुल गांधी से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया. साथ ही राहुल गांधी को देश का दुश्मन बताते हुए आगे बढ़ गए थे. यही मामला पर राजनीतिक घमासान मचा हुआ है.