बाराबंकी कोर्ट से हत्या का मुजरिम फरार, उम्रकैद की सजा से पहले ही पुलिस को दिया चकमा

बाराबंकी कोर्ट परिसर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. हत्या मामले में दोशी करार मुजरिम को उम्रकैद की सजा सुनाया जाना था. लेकिन सजा सुनाए जाने से ठीक पहले मुजरिम फरार हो गया. पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है. फरार कैदी की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगी हैं.

उम्रकैद की सजा से पहले बाराबंकी कोर्ट से हत्यारा फरार

बाराबंकी कोर्ट परिसर में शनिवार दोपहर सुरक्षा में बड़ी चूक का सनसनीखेज मामला सामने आया. हत्या के एक मामले में उम्रकैद की सजा सुनाए जाने से ठीक पहले एक शातिर कैदी पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हो गया. कोर्ट में पेशी के दौरान हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस फरार कैदी की तलाश में जुटी है.

बाराबंकी जिला कारागार में बंद कैदी सूरज कुमार को पुलिस सुरक्षा में कोर्ट लाया गया था. घटना शनिवार दोपहर बाद करीब 4:15 बजे की है. एडीजे राकेश कुमार की कोर्ट नंबर दो में सूरज कुमार को उम्रकैद की सजा सुनाई जानी थी. अभी कोर्ट की कार्यवाही चल ही रही थी कि मुजरिम वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया.

अपने सगे चाचा को पीट-पीटकर कर दी थी हत्या

कैदी सूरज कुमार बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र का रहने वाला है. उस पर धारा 302 के तहत हत्या का संगीन मुकदमा चल रहा था. शनिवार को सूरज और उसके अलावा तीन लोगों पर सजा मुकर्रर होनी थी. सूरज पर अपने ही सगे चाचा को 2016 में पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप थे. कोर्ट ने उसे दोषी करार दे दिया था, आज उम्रकैद की सजा सुनाई जाती.

लेकिन सूरज ने कचहरी जैसे अति-सुरक्षित जगह पर पुलिसकर्मियों की आंखों में धूल झोंकी और पलक झपकते ही कोर्ट परिसर से रफूचक्कर हो गया. मुजरिम के भागने की सूचना पर जिले के उच्चाधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगा रहे हैं.

फरार कैदी की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगी

एक शातिर मुजरिम का पुलिस की सुरक्षा से दिनदहाड़े भाग जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है. घटना के बाद पुलिस कोर्ट परिसर के निकास द्वारों और आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि उसके भागने के रूट का पता लगाया जा सके. पुलिस अधीक्षक ने फरार कैदी की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगा दी हैं.