UP में फिर एक्टिव हुआ मानसून, इन जिलों में मंगलवार को भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर से सक्रिय हो गया है, जिससे कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने मंगलवार को आगरा, इटावा, झांसी सहित 10 से अधिक जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है, जबकि 40 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. चक्रवाती परिसंचरण के कारण मानसून ने जोर पकड़ा है.

यूपी का मौसम

उत्तर प्रदेश में कमजोर पड़ा मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है. भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार यानी 11 अगस्त को 10 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं 40 से अधिक अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस संबंध में मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने ताजा बुलेटिन जारी किया है. इसमें दावा किया गया है कि पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इसी प्रकार पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कहीं भारी बारिश, तो कहीं कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. ताजा बुलेटिन में 11 अगस्त की सुबह 8:30 बजे से 12 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक के लिए आगरा, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर के अलावा आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है.

इस लिए जोर पकड़ा मानसून

इस बुलेटिन में मानूसन के जोर पकड़ने की वजह भी बताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक इस समय दक्षिण-पश्चिमी यूपी के ऊपर मध्य क्षोभमंडल तक चक्रवाती परिसंचरण फैला हुआ है. इसके प्रभाव के चलते निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है. उधर, दक्षिणी गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के बांग्लादेश क्षेत्र में ऊपरी क्षोभमंडल तक फैले चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव भी एक कारण है. इसकी वजह से एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है. इन परिस्थितियों में उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में मानसून मजबूत होता नजर आ रहा है.

कहां कितनी हुई बारिश?

मौसम विभाग के मुताबिक 7 अगस्त 2026 तक यूपी में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में महज 325.6 एमएम ही बारिश हुई है, जबकि इस अवधि तक 436.7 एमएम बारिश को सामान्य माना जाता है. इस हिसाब से इस रीजन में सामान्य से 25 प्रतिशत कम बारिश हुई है. इसी प्रकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 339.3 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 8 फीसदी कम है. इस रीजन में 370.3 एमएम सामान्य बारिश मानी जाती है.

यहां खूब गिरा पानी

मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून सीजन में मेरठ, मुजफ्फरनगर और संभल में खूब पानी गिरा है. यहां सामान्य से 60 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है. इसी प्रकार एटा, इटावा, फिरोजाबाद और हमीरपुर में भी करीब 50 फीसदी ज्यादा बारिश हुई. वहीं, भदोही, देवरिया, जौनपुर, कानपुर देहात, कौशांबी, कुशीनगर, मऊ, पीलीभीत और शामली आदि जिलों में सामान्य से 60 प्रतिशत कम बारिश हुई है.

Follow Us