पश्चिमी यूपी में भी बदला मौसम! 20 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट; आंधी-बिजली का भी खतरा
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है, IMD ने 20 से अधिक जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. बुंदेलखंड, पूर्वी यूपी और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में विशेष रूप से तेज बारिश की आशंका है. लागातार बारिश से प्रदेश के कई हिस्से प्रभावित हैं, और 13 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है.
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. बारिश के साथ तेज हवाएं चलने, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है.
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, कानपुर, महोबा, उन्नाव, कन्नौज, हमीरपुर, ललितपुर, झांसी, जालौन और औरैया समेत कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है. खासकर बुंदेलखंड के हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी से बहुत भारी बारिश होने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों में भारी बारिश, नोएडा में येलो अलर्ट
वहीं बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर और जालौन में भी भारी बारिश का अनुमान है. इसके अलावा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और मुरादाबाद समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इन इलाकों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. कुछ स्थानों पर बिजली चमकने का भी खतरा है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और झारखंड से होकर गुजर रही मानसूनी द्रोणिका के कारण उत्तर प्रदेश के ऊपर पर्याप्त नमी बनी हुई है. यही स्थिति बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार कर रही है. आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
प्रदेश में अब तक सामान्य से 17 फीसदी कम बारिश
आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी यूपी में अब तक 416.2 एमएम बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 544.3 एमएम होनी चाहिए थी. पश्चिमी यूपी में 445.6 एमएम बारिश हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 470.8 एमएम है. पूरे यूपी में अब तक 428.3 एमएम बारिश हुई है, जबकि सामान्य 513.7 एमएम है. यानी प्रदेश में बारिश सामान्य से करीब 17 फीसदी कम है.
यूपी में 13 जिलों के 173 गांव बाढ़ से प्रभावित
दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश में गंगा, यमुना, रामगंगा, सरयू, घाघरा और उनकी सहायक नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी से कई नदी किनारे के इलाकों में खतरा बढ़ा है. पूर्वी यूपी में स्थिति विशेष रूप से संवेदनशील बनी हुई है. यूपी में 44 जिले बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में शामिल हैं. अभी 13 जिलों के 173 गांव प्रभावित हैं, 4,845 लोगों को दूसरे स्थानों पर पहुंचाया गया है.
