यूपी स्पोर्ट्स कॉलेजों में दाखिले की होड़, 518 सीटों पर आए 2600 आवेदन; युवाओं में बढ़ा खेल क्रेज
यूपी के स्पोर्ट्स कॉलेजों में दाखिले के लिए रिकॉर्ड आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो 518 सीटों के लिए युवाओं की बढ़ती रुचि को दर्शाता है. यह आंकड़ा मुख्यमंत्री की खेलोन्मुख नीतियों और आधुनिक सुविधाओं का परिणाम है, जिससे युवा खेलों को केवल शौक नहीं, बल्कि अपने भविष्य के करियर के रूप में देख रहे हैं.
उत्तर प्रदेश में खेल संस्कृति को नई पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं. इसी का ही असर है कि सत्र 2026-27 में स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश के लिए रिकॉर्ड आवेदन प्राप्त हुए हैं. इस बार प्रदेश के पांच स्पोर्ट्स कॉलेजों की 518 सीटों के लिए करीब 2600 छात्रों ने आवेदन कर नया रिकॉर्ड बनाया है.
यह आंकड़ा बताता है कि प्रदेश के युवा अब खेलों को केवल शौक नहीं, बल्कि अपने भविष्य और करियर के रूप में देखने लगे हैं. लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, सहारनपुर और फतेहपुर समेत कुल 5 स्पोर्ट्स कॉलेज में कक्षा 6, 9 और 11 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे. इस साल 2600 के करीब आवेदन आये हैं. जबकि पिछले साल यह 1800 था.
लखनऊ-कानपुर मंडल से 393 खिलाड़ी शामिल
प्रदेश के युवाओं का भरोसा सरकारी खेल संस्थानों पर तेजी से बढ़ी है. इस बार चयन प्रक्रिया को पूरी तरह मेरिट और प्रदर्शन आधारित बनाया गया. प्रारंभिक चयन परीक्षा 100 अंकों की रखी गई थी, जिसमें 50 अंक फिजिकल टेस्ट और 50 अंक स्किल एवं गेम टेस्ट के निर्धारित किए गए. दोनों परीक्षाओं में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य किया गया था.
प्रारंभिक परीक्षा में सेलेक्ट होने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य चयन परीक्षा में शामिल किया जाएगा. प्रारंभिक परीक्षा में लखनऊ और कानपुर मंडल में पिछले साल 264 खिलाड़ी शामिल हुए थे, जिसमें इस साल 393 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया. मुख्य चयन परीक्षा भी 100 अंकों की होगी, जिसमें खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता और खेल कौशल का परीक्षण होगा.
3 से 6 जून के बीच होगी मुख्य चयन परीक्षा
खेलवार एवं कॉलेजवार मुख्य चयन परीक्षा का आयोजन 3-4 जून तथा 5-6 जून को किया जाएगा. इसमें फिजिकल टेस्ट के 50 अंक और गेम व स्किल टेस्ट के 50 अंक निर्धारित किए गए हैं. फिजिकल टेस्ट में न्यूनतम 40 प्रतिशत यानी 20 अंक प्राप्त करना जरूरी होगा. खेल विशेषज्ञ मैदान पर अभ्यर्थियों की प्रतिभा का परीक्षण करेंगे.
इसमें स्किल टेस्ट के लिए 30 अंक और गेम टेस्ट के लिए 20 अंक निर्धारित किए गए हैं. प्रदर्शन के आधार पर विशेषज्ञ अंक देंगे. मुख्य चयन परीक्षा का परिणाम खेल साथी पोर्टल पर जारी किया जाएगा. मुख्य चयन परीक्षा के बाद अंतिम श्रेष्ठता सूची तैयार कर कॉलेज वेबसाइट, खेल साथी पोर्टल पर जारी किया जाएगा. अंतिम ट्रायल भी पूर्ण पारदर्शिता से होगा.
परीक्षा में पास अभ्यर्थियों की होगी जैविक आयु जांच
अभ्यर्थियों की जैविक आयु जांच अभिभावकों की सहमति से कराई जाएगी. जैविक आयु जांच में उपयुक्त पाए गए अभ्यर्थियों की काउंसलिंग आयोजित की जाएगी. इसमें प्रमाणपत्रों का सत्यापन कर रिक्त सीटों और कॉलेज वरीयता के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी. माना जा रहा है इस सत्र की तुलना में अगले सत्र 3 से 4 गुना ज्यादा आवेदन आएं.
