आंधी, बारिश और बिजली का खतरा… यूपी में मौसम ने बदला रंग, IMD का ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है. IMD ने पूरे प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी यूपी में 30-50 किमी/घंटा हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है, वहीं पूर्वांचल में बिजली गिरने का खतरा है. फसलों को लेकर किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
उत्तर प्रदेश में मौसम ने एकदम से अपना रंग बदल दिया है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक देर रात तक कई जिलों में बारिश, आंधी और बिजली चमकने की संभावना है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) इमदाद ने गुरुवार को पूरे प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. साथ ही किसानों को फसलों के नुकसान को लेकर विशेष सलाह दी है.
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी के अधिकांश जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. इनके साथ मध्यम बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है. इनमें आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, अलीगढ़, हाथरस, बुलंदशहर, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर शामिल हैं.
पूर्वी यूपी के इन जिलों में IMD की चेतावनी
पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम का रंग थोड़ा अलग रहेगा. यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं ज्यादा हो सकती हैं. वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, मिर्जापुर और भदोही में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. साथ ही खुली जगह पर काम करने से बहचने की सलाह है.
स्वास्थ्य विभाग ने भी की लोगों से ये अपील
पिछले कई दिनों से बढ़ रही उमस भरी गर्मी अब थोड़ी ठंडी पड़ी है. कई जगहों पर अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. लोगों को तेज धूप से राहत मिली है, लेकिन अचानक मौसम बदलने से सर्दी-खांसी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं. स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.
आंधी, बारिश, ओलावृष्टि से फसलों को खतरा
वहीं, किसानों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत है. इस समय गेहूं समेत कई रबी फसलें कटाई के अंतिम चरण में हैं. तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि से फसलें गिरने या खराब होने का खतरा है. मौसम विभाग ने किसानों से अपील की है कि कटाई से पहले मौसम का अपडेट जरूर लें. फसल को सुरक्षित जगह पर रखने या तिरपाल से ढकने के उपाय करें.
अगले 24 घंटे तक पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी
IMD के वैज्ञानिकों का कहना है कि यह मौसमी बदलाव अगले 24 घंटे तक जारी रह सकता है. उसके बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है. इस दौरान लोगों से अनुरोध है कि वे अनावश्यक घर से बाहर न निकलें, खासकर शाम और रात के समय में. यूपी में इस वक्त मौसम विभाग का अलर्ट पूरे प्रदेश को सतर्क कर रहा है.
