UP में पड़ेगी राहत की फुहार! 30 जिलों में बारिश, आंधी-तूफान का भी अलर्ट; इतना गिर सकता है तापमान
भीषण गर्मी से तप रहे उत्तर प्रदेश के 30 से अधिक जिलों को जल्द राहत मिलने वाली है. भारतीय मौसम विभाग ने आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस संभावित बारिश से तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे प्रदेशवासियों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी.
भीषण गर्मी में बुरी तरह से तप रहे उत्तर प्रदेश के 30 से अधिक जिलों के लिए एक राहत भरी खबर है. इन सभी जिलों में गुरुवार को आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है. इस संबंध में भारतीय मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक कुछ जिलों में तूफान की स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक हो सकती है.
मौसम विभाग के मुताबिक इस बार सबसे ज्यादा गर्मी बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज आदि जिलों में पड़ी है. उम्मीद है कि गुरुवार को होने वाली बारिश से इन जिलों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल जाएगी. मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों के अलावा गुरुवार को फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया जिले में भी बारिश होने की संभावना है.
ये जिलों में भी राहत की फुहार
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के अंदर देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी आदि जिलों में बारिश होगी. इसके अलावा सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर में भी बारिश होने की संभावना है.
यहां भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आस पास के क्षेत्रों में भी बारिश होने के आसार हैं. इन सभी जिलों में बारिश के साथ आंधी तूफान का भी अलर्ट जारी किया गया है.
5 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश का बांदा अभी भी देश के सबसे गर्म जिलों में टॉप पर है. यही स्थिति प्रयागराज की भी है. हालांकि मौसम में हुए ताजा बदलाव के बाद प्रदेश के सभी जिलों के तापमान में थोड़ी बहुत कमी आई है. वहीं गुरुवार को संभावित बारिश की वजह से तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक अभी उत्तर प्रदेश में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है.
