UP में ट्रांसपोर्ट क्रांति! देश के सभी प्रमुख हाईवे से कनेक्ट होगा ये एक्सप्रेसवे, बदल जाएगी प्रदेश की तकदीर
उत्तर प्रदेश में एक बड़ी परिवहन क्रांति आने वाली है. इसके लिए यमुना एक्सप्रेसवे को देश के सभी प्रमुख हाईवे और एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा. इससे पूरे देश से यूपी की सीधी कनेक्टिविटी बढ़ेगी. यह कदम व्यापार, उद्योग और लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा देगा, जिससे प्रदेश में चौतरफा विकास होगा. सीएम के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने बताया कि यह नई कनेक्टिविटी यात्रा को आसान और तेज बनाएगी, साथ ही औद्योगिक विकास के नए द्वार खोलेगी.
उत्तर प्रदेश ट्रांसपोर्ट क्रांति आने वाली है. सरकार की योजना के मुताबिक यह क्रांति यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते आएगी. इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने कवायद शुरू कर दी है. इस कवायद के तहत यमुना एक्सप्रेसवे को देश के सभी प्रमुख हाईवे और एक्सप्रेसवे से कनेक्ट किया जाएगा. माना जा रहा है कि ऐसा होने पर देश का कोई ऐसा शहर नहीं बचेगा, जो यूपी से सीधा कनेक्ट ना हो. इसके बाद यूपी से पूरे देश में व्यापार कारोबार तेजी पकड़ सकेगा.
उत्तर प्रदेश सरकार का मानना है कि यमुना एक्सप्रेसवे का कनेक्शन देश बाकी हाईवे और एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़ने के बाद ना केवल सफर आसान होगा, बल्कि प्रदेश में चहुंमुखी विकास के द्वार भी खुल जाएंगे. बता दें कि यमुना एक्सप्रेसवे पहले से ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से कनेक्टेड है. अब इसे देश के सबसे लंबे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ा जा रहा है. इसी प्रकार गंगा एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से भी जोड़ने की कवायद जारी है.
सीएम के एडवाइजर ने बताया प्लान
उत्तर प्रदेश सरकार की योजना का खुलासा खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी ने किया है. उन्होंने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट किया है. इसमें बताया है कि कैसे यमुना एक्सप्रेसवे को देश के बाकी हाईवे और एक्सप्रेसवे से जोड़ा जा रहा है और इसका भविष्य में क्या फायदा होने वाला है. उन्होंने बताया है कि एक्सप्रेसवे नेटवर्क आपस में कनेक्ट होने से ना केवल यात्रा में समय की बचत होगी, बल्कि लंबी दूरी की यात्रा भी आसान हो जाएगी.
यूपी को क्या होंगे फायदे?
सीएम के एडवाइजर अवनीश अवस्थी के मुताबिक यूपी में यह एक तरह की ट्रांसपोर्ट क्रांति है. ट्रांसपोर्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर में बदलाव और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होने से यूपी में व्यापार कारोबार बढ़ेगा. कच्चा माल मंगाने और तैयार माल को भेजने में सुविधा होगी. इस कनेक्टिविटी से प्रदेश में औद्योगिक विकास को काफी मजबूती मिलेगी. अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि जेवर एयरपोर्ट के आसपास बेहतर रेल और रैपिड ट्रांजिट कनेक्टिविटी होगी. इससे यह क्षेत्र एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स, निवेश और मोबिलिटी हब में बदल जाएगा.
