UP में फिर बदला मौसम, नोएडा-गाजियाबाद में बारिश; जानें अपने जिले का हाल

उत्तर प्रदेश में एक नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम फिर बदल गया है. नोएडा-गाजियाबाद में शनिवार को बारिश और कई जिलों में ओलावृष्टि हुई है. IMD ने 30 से अधिक जिलों में आंधी-पानी, तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. इसके चलते प्रदेश के तापमान में गिरावट आई है और गर्मी पर ब्रेक लगा है, जिससे ज्येष्ठ माह की शुरुआत भी कूल-कूल हुई है.

उत्तर प्रदेश में शुरू हुई बारिश Image Credit:

उत्तर प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है. इसकी वजह से शनिवार-रविवार की रात जहां नोएडा गाजियाबाद में बारिश हुई, वहीं रविवार की सुबह रायबरेली, प्रतापगढ़ आदि जिलों में ओलावृष्टि हुई. भारतीय मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में आंधी पानी का अलर्ट जारी किया है. वहीं करीब 30 अन्य जिलों में तूफान और ओलावृष्टि का भी अंदेशा है. इन ताजा परिस्थितियों की वजह से उत्तर प्रदेश के तापमान में एक बार फिर गिरावट आई है.

बता दें कि पिछले हफ्ते आए पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी तीन दिन पहले ही खत्म हुआ है. इसकी वजह से दिन के समय धूप तेज होने लगी थी. तापमान भी तेजी से बढ़ने लगा था. लेकिन अब नए पश्चिमी विक्षोभ ने बढ़ते तापमान पर ब्रेक लगा दिया है. शनिवार को ही दिन में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. वहीं न्यूनतम तापमान भी 25.1 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया. शनिवार की शाम को भी तेज गर्मी थी, लेकिन आधी रात के बाद मौसम में बदलाव हुआ है.

मध्य यूपी में दो दिन होगी बारिश

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा इनपुट के मुताबिक इस नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो दिनों तक लखनऊ, कानपुर से लेकर बलिया-बनारस तक 30 से अधिक जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से अधिक जिलों में ओलावृष्टि होने के भी आसार हैं. इस दौरान 50 किमी या इससे भी अधिक गति से हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए रह कते हैं. इससे तापमान नियंत्रित रहेगा.

ज्येष्ठ की दोपहरी में भी मौसम कूल

वैसे तो ज्येष्ठ के महीने में भीषण गर्मी पड़ती है, खासतौर पर इस महीने में दोपहर में बाहर निकलना बहुत ही कष्टकारी होता है, लेकिन इस साल ज्येष्ठ के महीने की शुरूआत ठंडा-ठंडा और कूल-कूल हो रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक कहीं धीमी तो कहीं तेज बारिश का दौर चलेगा. इसके बाद दो चार दिनों के लिए बारिश का दौर थमेगा तथा गर्मी बढ़ेगी, लेकिन फिर एक हफ्ते के अंदर ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा.

Follow Us