नशे में धुत रिश्तेदार ने मांगा पानी, बच्चे ने मना किया तो मार दी गोली; मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के कासगंज में नामकरण संस्कार के दौरान एक जघन्य वारदात हुई. शराब के नशे में धुत एक रिश्तेदार ने पानी लाने से मना करने पर 9 साल के मासूम बच्चे को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना शुक्रवार रात की है. पुलिस ने आरोपी धनेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के कासगंज में शुक्रवार की रात एक दिल दहलाने वाली घटना हुई. यहां शराब के नशे में धुत एक युवक ने 9 साल के मासूम बच्चे को गोली मार दी. आनन फानन में बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार की देर शाम बच्चे की मौत हो गई. यह वारदात बच्चे के परिवार में आयोजित नामकरण उत्सव के दौरान का है. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की रात याकूतगंज गांव में रहने वाले जसवीर गोला के बेटे का नामकरण हो रहा था. इसके लिए परिवार में जश्न का आयोजन था. इसमें सोरों के नगला बीच के रहने वाला जसवीर का रिश्तेदार धनेश यादव भी आया था. नामकरण संस्कार के दौरान जसवीर के भाई सुखवीर का 9 वर्षीय बेटा यश अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था. वहीं पास में ही धनेश बैठकर शराब पी रहा था. उसने यश को बुलाकर शराब में मिलाने के लिए पानी लाने को कहा.
नागवार गुजरा बच्चे का इनकार
बच्चे ने धनेश के हाथ में शराब की बोतल देखी तो उसके पास जाने से भी इनकार करते हुए वहां से भागने लगा. यही बात धनेश को नागवार लगी और वह तमंचा निकालकर यश के पेट में सटा दिया और देखते ही देखते गोली चला दी. गोली लगते ही बच्चा जमीन पर गिर कर तड़पने लगा. परिवार के लोग दौड़कर वहां आए, लेकिन इतने में आरोपी धनेश मौका देखकर फरार हो गया. आनन फानन में परिजन बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से बच्चे की हालत को देखते हुए उसे अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया.
आरोपी अरेस्ट, जेल भेजा
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया. इसके बाद ताबड़तोड़ दबिश देते हुए आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. कासगंज के एडिशनल एसपी सुशील कुमार के मुताबिक याकूतगंज गांव में हुई इस घटना को लेकर मृत बच्चे के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट किया है. आज जरूरी पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस मामले में जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी.