UP में चक्रवात ‘अर्नब’ ने बदला मौसम! कहीं भारी बारिश तो कहीं ओले गिरने का खतरा, 50 जिलों में अलर्ट
यूपी में चक्रवात 'अर्नब' के प्रभाव से मौसम ने करवट ली है. प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. तराई के 6 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि पश्चिमी यूपी में ओला गिरने की आशंका है.
उत्तर प्रदेश में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से मौसम ने करवट ली है. शुक्रवार सुबह से ही प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है. लखनऊ सहित कई शहरों में बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इसको लेकर आज प्रदेश भर में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने को लेकर अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग की लखनऊ केंद्र के मुताबिक, चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से तराई के छह जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि पश्चिमी यूपी के नौ जिलों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है. इसके अलावा करीब 50 जिलों में तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी की गई है.
तराई के 6 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, तराई के 6 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसमें कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच शामिल है. इन जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है. खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
इसके अलावा, पूर्वांचल के कई जिलों में भी बारिश होने की संभावना है. गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बस्ती और अयोध्या समेत 13 जिलों में मौसम बिगड़ सकता है. लगातार बादल छाए रहने और बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आने के आसार हैं.
पश्चिमी यूपी के नौ जिलों में ओलावृष्टि का खतरा
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और रामपुर में ओले गिरने की आशंका जताई गई है. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है. ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है.
50 जिलों में 40-50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
प्रदेश के करीब 50 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है. मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों में जाने, पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों के पास रहने से बचने की सलाह दी गई है.
बारिश और बादलों के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है. हालांकि, तेज हवाओं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के कारण आम लोगों के साथ किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
