यूपी PGT भर्ती परीक्षा कल से, 17 जिलों में बनाए गए 319 केंद्र; लखनऊ मंडल में होगी OMR स्कैनिंग

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा 9 और 10 मई को प्रवक्ता संवर्ग (TGT) की 624 पदों की परीक्षा आयोजित की जाएगी. 4.6 लाख से अधिक अभ्यर्थी 17 जिलों के 319 केंद्रों पर शामिल होंगे. AI-आधारित CCTV निगरानी के साथ इस बार लखनऊ में OMR स्कैनिंग का पायलट प्रोजेक्ट भी शुरू किया जा रहा है.

319 केंद्रों पर यूपी PGT भर्ती परीक्षा कल से (प्रतीकात्मक तस्वीर)

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSCE) द्वारा 9 और 10 मई को प्रवक्ता संवर्ग (TGT) की परीक्षा आयोजित की जाएगी. इस बार कुल 624 पदों के लिए 4.64 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. प्रदेश के 17 जिलों में इसके लिए कुल 319 केंद्र बनाए गए हैं, जहां AI आधारित सीसीटीवी निगरानी के साथ सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.

TGT के लिए लिखित परीक्षा प्रतिदिन दो-दो पालियों में सम्पन्न होगी, जिसमें कुल 464605 परीक्षार्थियों शामिल होंगे. दोनों दिनों की दोनों पालियों में कुल 18 विषयों की परीक्षा आयोजित होंगी. शासन के निर्देशों के अनुसार, परीक्षा केन्द्रों के आस-पास निषेधाज्ञा लागू रहेगी. वहीं, इस बार लखनऊ मंडल में OMR की स्कैनिंग की प्रक्रिया की भी जायेगी.

हर जिले के लिये एक-एक प्रेक्षक नामित किया गया

आयोग के अध्यक्ष डा. प्रशान्त कुमार ने सभी परीक्षा केन्द्रों पर तैयारी की गहन समीक्षा की, और कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. परीक्षा केन्द्रों के सभी कक्षों और महत्वपूर्ण हिस्सों का AI सीसीटीवी से निगरानी होगी. साथ ही इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी केंद्रों की मॉनिटरिंग की जाएगी.

आयोग ने हर जिले के लिये एक-एक प्रेक्षक नामित किया है, जिनके द्वारा आज ही अपने आवंटित जिलों में पहुंच कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर ली गई. परीक्षा केन्द्रों के आस-पास निपेधाज्ञा लागू रहेगी. जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण की ओर से लगातार भ्रमण किया जायेगा. साथ ही परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त फोर्स की तैनाती की जा रही है.

परीक्षार्थियों के सामने OMR स्कैनिंग की होगी प्रक्रिया

आयोग द्वारा इसबार OMR की स्कैनिंग की प्रक्रिया भी की जायेगी. Pilot Project के अन्तर्गत लखनऊ मण्डल
मुख्यालय के 10 परीक्षा केन्द्रों पर प्रति पाली परीक्षा सम्पन्न होने के तत्काल बाद परीक्षार्थियों द्वारा OMR की उनके परीक्षा कक्षों में उनकी उपस्थिति में ही स्कैनिंग की प्रक्रिया की जायेगी. स्कैनिंग के बाद स्कैन डाटा तत्काल सुरक्षित कर लिया जायेगा.

आयोग द्वारा इस सुरक्षित डाटा का प्रयोग मूल उत्तर पत्रक (OMR) से आवश्यकता पड़ने पर मिलान किया जायेगा. यह प्रयोग परीक्षण के रूप में किया जा रहा है. इस प्रक्रिया के सफल होने के पश्चात इसे आयोग द्वारा आयोजित होने वाली आगामी सभी परीक्षाओं में लागू किया जायेगा. यह प्रक्रिया परीक्षा परिणामों में शुचिता, पारदर्शिता बनाये रखने के लिए है.

अफवाह और बहकावे में न आयें- अभ्यर्थी से अपील

साथ ही नकल माफियाओं और परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश हैं. अनुचित साधनों के प्रयोग पर सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 के तहत कार्रवाई की जाएगी. अभ्यर्थी से अपील है कि वह किसी अफवाह और बहकावे में न आयें, आयोग की वेबसाइट www.upessc.up.gov पर सूचनाओं के संबंध में पुष्टि कर लें.

Follow Us