अगर प्रीपेड मीटर नहीं हैं रिचार्ज तो ध्यान दें! अगले 16 घंटे तक नहीं कर पाएंगे पेमेंट
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन (UPPCL) की आईटी सेल ने बड़ा अलर्ट जारी किया है. बिजली बिल भुगतान और प्रीपेड मीटर रिचार्ज सेवाओं को बंद करने की घोषणा की है. यह सेवाएं अगले 16 घंटों तक पूरी तरह से ठप रहेंगी. अगर प्रीपेड मीटर रिचार्ज नहीं हैं तो अभी आपके पास 10 बजे रात तक का समय है.
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन (UPPCL) ने 3 अप्रैल रात 10 बजे से 4 अप्रैल दोपहर 2 बजे तक 16 घंटे के लिए बिजली बिल भुगतान और प्रीपेड मीटर रिचार्ज सेवाओं को बंद करने की घोषणा की है. यह आरएमएस बिलिंग प्रणाली के रखरखाव के कारण किया जा रहा है. उपभोक्ताओं से अपील है अगर प्रीपेड मीटर रिचार्ज नहीं है तो जल्दी से कर लें.
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन (यूपीपीसीएल) की आईटी सेल ने यह बड़ा अलर्ट जारी किया है. इस दौरान उपभोक्ता पोर्टल और यूपीपीसीएल कंज्यूमर ऐप पूरी तरह ठप रहेंगे. पावर कॉर्पोरेशन की आईटी सेल के अधीक्षण अभियंता अरविंद सिंह ने गुरुवार को इस संबंध में सर्कुलर जारी कर दिया है. किसी भी उपभोक्ता को इस अवधि में कोई सेवा उपलब्ध नहीं होगी.
प्रीपेड मीटर में बैलेंस कम है तो बढ़ेगी परेशानी
सर्कुलर के अनुसार, इस 16 घंटे के दौरान आरएमएस बिलिंग प्रणाली का मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा. इसलिए ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों तरीकों से बिल भुगतान और प्रीपेड मीटर रिचार्ज की सुविधा पूरी तरह बंद रहेगी. यूपीपीसीएल ने सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिनके प्रीपेड मीटर में बैलेंस कम है, वे शुक्रवार 3 अप्रैल को ही रिचार्ज करा लें.
यूपीपीसीएल की आईटी सेल की ओर से यह सर्कुलर पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम वाराणसी, मध्यांचल लखनऊ, पश्चिमांचल (मेरठ), दक्षिणांचल आगरा और केस्को कानपुर के सभी प्रबंध निदेशकों को भेजा गया है. अगर बैलेंस खत्म हो गया और रिचार्ज नहीं हो सका तो शनिवार को परेशानी हो सकती है. उपभोक्ता वेबसाइट या ऐप के माध्यम से बिल जमा नहीं कर पाएंगे.
ये सभी सुविधाएं रहेंगी बंद, टोल-फ्री नंबर चालू
इन 16 घंटो के दौरान उपभोक्ता पोर्टल, यूपीपीसीएल कंज्यूमर मोबाइल ऐप, ऑनलाइन बिल भुगतान, ऑफलाइन बिल भुगतान और प्रीपेड मीटर रिचार्ज जैसे प्लेटफॉम पूरी तरह से बंद रहेंगे. उपभोक्ता को समस्या का सामना करना पड़ सकता है. हालांकि, किसी भी असुविधा या समस्या की स्थिति में उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1912 पर 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं.
