CM योगी का रोहिंग्याओं और बांग्लादेशी घुसपैठियों पर कड़ा प्रहार, 17 नगर निगम निकायों में सूची तैयार, डिटेंशन सेंटर बनाने का भी निर्देश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को बाहर करने के लिए हर मंडल में डिटेंशन सेंटर बनाने के निर्देश दे दिए हैं. इसके अलावा इन घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें तत्काल निर्वासित करने की कार्रवाई शुरू करने का भी आदेश दे दिया है.
यूपी में अवैध घुसपैठ को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रूख अख्तियार कर लिया है. राज्य सरकार की तरफ से रोहिंग्या मुसलमानों और बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान के लिए अभियान को और भी तेज कर दिया है. सीएम योगी के निर्देश पर 17 प्रमुख नगर निगम निकायों में काम करने वाले संदिग्ध विदेशी नागरिकों की सूची तैयार करने का काम शुरू हो गया है.
सरकार की तरफ से हर मंडल में डिटेंशन सेंटर स्थापित करने के आदेश दे दिए गए हैं. घुसपैठियों की पहचा कर उन्हें हिरासत में लेकर उनके देश निर्वासित करने का भी निर्देश दे दिया गया है. बता दें कि सरकार की तरफ से ये कार्रवाई नवंबर 2025 से चल रही थी. हाल ही में लखनऊ में मंत्री आवास के पास बने अवैध बस्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई थी.
अवैध प्रवासियों पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश
सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों (डीएम) को अवैध प्रवासियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया था. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया मुख्यमंत्री ने 17 शहरी स्थानीय निकायों जैसे लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, वाराणसी, कानपुर, आगरा के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में काम करने वाले रोहिंग्या और बांग्लादेशी मूल के लोगों की सूची तैयार करें. यह सूची कमिश्नर और आईजी को सौंपी जाएगी, जो पहली चरण में डिटेंशन सेंटर स्थापित करने का काम संभालेंगे.
यूपी में दिल्ली के तर्ज पर बनेंगे डिटेंशन सेंटर
बताया जा रहा है कि यूपी में भी विदेशी घुसपैठियों को निर्वासित करने के लिए दिल्ली की तर्ज पर डिटेंशन सेंटर बनाए जाने हैं. सीएम योगी के निर्देश के बाद इसकी प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है. उनको वापस भेजने की प्रक्रिया पूरी होने तक डिटेंशन सेंटर में रखने के लिए जगह तलाशी जा रही हैं. शासन की तरफ से अधिकारियों को घुसपैठियों को रखने के लिए खाली सरकारी इमारतों, सामुदायिक केंद्र, पुलिस लाइन, थाने चिह्नित करने का निर्देश भी दे दिया गया है. बता दें दिल्ली में इस वक्त 18 डिटेंशन सेंटर हैं.
