यूपी में आज भी बरसेंगे बादल, ओलावृष्टि की भी आशंका, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर राज्य में अभी एक से दो दिन और बना रहेगा. इसके चलते प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत, शामली और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में बारिश की आशंका है.

क्या आज होगी बारिश?

यूपी में 18 फरवरी को बारिश हुई. अब पश्चिमी विक्षोभ के चलते 19 फरवरी को भी बरसात का येलो अलर्ट है. इस दौरान अधिकतम तापमान स्थिर रहने की संभावना है. हालांकि, न्यूनतम तापमान में थोड़ी कमी आ सकती है. दिन के वक्त हल्की धूप भी नजर आ सकती है.

अभी बना रहेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर

आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर राज्य में अभी एक से दो दिन और बना रहेगा. आज यानी 19 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. इस दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती है.

इन जिलों में बारिश का है अलर्ट

मौसम विभाग ने मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत, शामली और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की आशंका जताई है. साथ ही ओलावृष्टि की आशंका भी जाहिर की गई है. इसके अलावा कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली भी गिर सकती है.

किसानों के लिए बड़ी मुसीबत

किसानों के लिए ये बारिश बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकती है. ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसल को भारी नुकसान हो सकता है. इसके अलावा बारिश के चलते तापमान में उतार-चढ़ाव से लोगों के बीमार होने की भी आशंका बढ़ जाती है. ऐसे में  सुबह-शाम हल्की ठंड से बचने के लिए हल्के गर्म कपड़े जरूर पहनें.

24 घंटे के अंदर तापमान में कितना अंतर

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान तकरीबन एक दिन पहले के बराबर ही रहा है. आगरा में पारा 32.2 डिग्री पाया गया. फिर झांसी में 31.8, प्रयागराज में 31.6, बांदा में 31.4 और वाराणसी में 31.2 रिकॉर्ड किया गया. वहीं सबसे कम तापमान बांदा में 8.2 पाया गया. फिर अयोध्या में 9.5, कानपुर में 9.8 और बाराबंकी में 10 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.