बनारस MLC चुनाव: आशुतोष सिन्हा 16990 वोटों से आगे, अखिलेश बोले- जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही उठें
बनारस स्नातक MLC चुनाव में सपा के आशुतोष सिन्हा बीजेपी प्रत्याशी से 16990 वोटों से आगे चल रहे हैं. अब केवल एक राउंड की गिनती होनी है, पर उनकी जीत लगभग तय है. अखिलेश यादव मतगणना पर पैनी नजर रखे हुए हैं और नेताओं से पल-पल की अपडेट ले रहे हैं.
बनारस स्नातक MLC चुनाव में सपा के आशुतोष सिन्हा बीजेपी प्रत्याशी से 16990 वोटों से आगे चल रहे हैं. हालांकि प्रथम वरीयता में जीत न होने से फैसला दूसरी वरीयता के मतों से होगा. अब केवल एक राउंड की गिनती बाकी है, सपा की जीत लगभग तय है. अखिलेश यादव मतगणना पर नजर रखे हुए हैं और नेताओं से पल-पल की अपडेट ले रहे हैं.
बनारस स्नातक एमएलसी सीट पर भाजपा की मांग पर कल रात 9 बजे पांचवें राउंड की दोबारा मतगणना हुई. हालांकि, इसमें सपा के आशुतोष सिन्हा को पहले के मुकाबले 3 वोट अधिक मिले. अब तक 9वें चक्र की मतगणना पूरी हो चुकी है. सपा के आशुतोष सिन्हा 50462 वोट पाकर बीजेपी के केदार सिंह (31189 वोट) से 16261 वोटों से आगे हैं.
बनारस स्नातक सीट पर 1,18,000 वोट पड़े थे
बनारस स्नातक MLC चुनाव के मतदान में कुल 1,18,000 वोट पड़े थे. मतों के आधार पर जीत के लिए जरूरी 59,001 मतों का आंकड़ा आशुतोष सिन्हा प्रथम वरीयता में हासिल नहीं कर सके. इसलिए प्रथम वरीयता के मतों से जीत-हार का फैसला नहीं हो पाया है. अब दूसरी वरीयता के मतों की गिनती की जा रही है. इसके बाद ही चुनाव का अंतिम परिणाम स्पष्ट होगा.
सपा कार्यकर्ता रातभर से मतगणना केंद्र पर डटे हैं
सपा प्रमुख अखिलेश यादव एक्स पर कार्यकर्ताओं की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि, ‘सब डटे रहें और जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही उठें. हम वाराणसी शहर के अपने कार्यकर्ताओं से अपील करते हैं कि वो मतगणना केंद्र पर भोजन, पानी, छतरी और तौलिये की व्यवस्था करके अपने साथियों की मदद करें और हौसलों के गीत गाकर जागते रहें सवेरा अपना होगा.’
मतगणना स्थल पर सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, छोटेलाल खरवार और विधायक तूफानी सरोज व जाहिद बेग समेत भदोही के विधायक, नेता, सैकड़ों की संख्या मे मौजूद है. सबसे अहम बात यह है कि अखिलेश यादव खुद वीडियो कॉल के जरिए इन नेताओं के लगातार संपर्क में हैं और मतगणना की पल-पल की अपडेट ले रहे हैं.