‘देखने लायक हो तो देखेंगे…’, BHU गेट पर लड़की से स्कॉर्पियो सवार ने की अभद्रता; एक गिरफ्तार
बीएचयू हैदराबाद गेट पर स्कॉर्पियो सवार युवकों ने एक युवती से अश्लील टिप्पणी और बदतमीजी की. युवती ने साहस दिखाते हुए घटना का वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वाराणसी पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और स्कॉर्पियो भी जब्त की. दूसरे आरोपी की तलाश जारी है.
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के हैदराबाद गेट के पास एक युवती के साथ बदतमीजी और अश्लील टिप्पणी करने का मामला सामने आया है. स्कॉर्पियो सवार युवकों की इस हरकत का युवती ने न केवल कड़ा विरोध किया, बल्कि अपनी सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए उनका वीडियो भी बना लिया. वारयल वीडियो पर एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है.
जानकारी के अनुसार, बुधवार को बीएचयू कैंपस से सटे हैदराबाद गेट के पास स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों ने वहां से गुजर रही युवती पर अभद्र और अश्लील टिप्पणियां कीं. जब युवती ने इस हरकत का विरोध किया, तो आरोपी और ज्यादा बदतमीजी करने लगे. स्थिति को देखते हुए युवती ने तुरंत शोर मचाया और पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया.
वायरल वीडियो पर मुख्य आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
पीड़ित युवती के शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर बढ़े, लेकिन तब तक आरोपी तेज रफ्तार से स्कॉर्पियो लेकर फरार हो चुके थे. घटना के बाद युवती द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई.
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार की टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान की और घेराबंदी कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीप नारायण सिंह (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सोनभद्र जनपद के रॉबर्ट्सगंज (न्यू कॉलोनी) का निवासी है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल सफेद रंग की स्कॉर्पियो भी जब्त की है.
महिला सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बख्शा नहीं जाएगा
पुलिस ने बताया कि घटना के समय स्कॉर्पियो में दीप नारायण सिंह के साथ एक और युवक भी मौजूद था. उसकी पहचान की जा रही है और पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने कहा कि स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बख्शा नहीं जाएगा, दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
