BHU में छात्रों ने आधी रात जमकर काटा बवाल, किया पथराव, बुलानी पड़ी कई थानों की पुलिस

BHU में आधी रात को बवाल हो गया. इस दौरान छात्रों ने जमकर पत्थर चलाएं और तोड़फोड़ की. स्थिति बिगड़ने पर बीएचयू प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी. फिलहाल कैंपस में 10 चौकी और 5 थानों के साथ साथ पीएसी लगी हुई है.

BHU में बवाल

बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के कैम्पस से बवाल की खबरें सामने आई हैं. मामला बिगड़ने पर बीएचयू में कई थानों की फ़ोर्स और पीएसी लगाई गई है. आधी रात को BHU में सैकड़ों छात्रों ने कई घंटों तक पत्थर चलाएं. इस दौरान एलडी गेस्ट हाउस से लेकर हॉस्टल के बीच लगे पोस्टर को भी फाड़ दिया.

ऐसे शुरू हुआ बवाल

मामला छात्रों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के बीच बहस से शुरू हुआ. कैंपस में एक गाड़ी वाले ने राजाराम हॉस्टल में रहने वाले छात्र को टक्कर मार दी. उस छात्र के समर्थन में बिड़ला हॉस्टल के छात्र और कुछ अन्य छात्र विरोध करने लगे. छात्रों ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड में जाकर एप्लीकेशन दी. इस दौरान अपनी बात रखने की कोशिश भी की. इस बीच दोनों तरफ से हुई बहस बाजी ने मामला बिगाड़ दिया. फिर क्या ही देखते तोड़ फोड़ और पथराव शुरू हो गया.

कैंपस में 10 चौकी और 5 थानों की पुलिस

बिड़ला चौराहे से लेकर एलडी गेस्ट हाउस तक अराजक स्थिति हो गई. मामला जब बीएचयू प्रॉक्टोरियल बोर्ड से नहीं संभला तब बीएचयू प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी. 10 चौकी और 5 थानों के साथ साथ पीएसी बुलाई गई. एसीपी भेलूपुर के नेतृत्व में पूरे कैंपस में पुलिस ने गश्त किया. फिलहाल माहौल शांत है. लेकिन अब भी तनाव की स्थिति बनी हुई है. इस मामले में अभी बीएचयू की तरफ से कोई तहरीर नही दी गई है.

पुलिस के लाठीचार्ज में कई छात्र घायल

बवाल के दौरान रॉड-डंडे लिए छात्रों ने जमकर पथराव किया. एलडी चौराहे पर सुरक्षाकर्मियों के रखी कुर्सियों भी तोड़ दी. सड़क किनारे पार्क हुए कई वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी भी सामने आ रही है. इस दौरान पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी. इसमें कई छात्र घायल हो गए हैं.

Follow Us