वाराणसी: भीड़ ने किया पुलिस पर पथराव, ACP घायल; BJP MLA बोले- अति उत्साह में हो गई होगी घटना
वाराणसी के चोलापुर में अंबेडकर जयंती पर झंडा जलाने को लेकर विवाद गहरा गया. विरोध प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिससे एसीपी सहित दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है. बीजेपी विधायक ने इस घटना को "अति उत्साह" बताया.
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती के अवसर पर नेहिया गांव स्थित भैरव बटुक धाम जाने वाले गेट पर कुछ लोगों ने आंबेडकर का झंडा लगाया था. आरोप है कि बाद में कुछ अराजकतत्वों ने झंडे को फाड़कर जला दिया. इसकी सूचना मिलते ही भीम आर्मी कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे और विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया.
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई थी. हालांकि, पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझा कर मामला शांत कर दिया गया. लेकिन शुक्रवार फिर से इस मामले को लेकर युवकों ने विरोध करना शुरू कर दिया. भीड़ बढ़ने पर एसीपी सारनाथ सहित कई थाने की पुलिस पहुंची. इसी बीच भीड़ में से कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया.
पथराव में एसीपी और एक दरोगा को आईं चोट
गोमती जोन डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि चोलापुर के नेहिया गांव के पास गेट पर झंडा लगाने को लेकर विवाद हुआ था. जिसके बाद समझा बुझाकर मामला शांत कर दिया गया था. इन लोगों द्वारा झंडा उतार लिया गया था, जो यथा स्थिति थी उसको गांव के लोगों द्वारा ही समझा बुझाकर कायम कर दिया गया था. इसको लेकर आज कुछ लोग आए हुए थे.
उन्होंने बताया कि पुलिस भी मौके पर मौजूद थी और समझाया जा रहा था, तभी इसी बीच किसी ने पथराव कर दिया. जिसके कारण एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना और एक दरोगा भी घायल हो गए. पुलिस द्वारा बल प्रयोग कर लोगों को हटाया गया. फोटो एवं वीडियो के जो लोग आईडेंटिफाई होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
बीजेपी विधायक ने बताया अति उत्साह में हुई घटना
अजगरा से बीजेपी विधायक टी.राम ने कहा कि नोएडा की ही तरह यहां भी विपक्ष माहौल खराब करना चाहता है. भगवा बनाम दलित का नरेटिव सेट करना चाहता है. लेकिन ये योगी सरकार है यहां साजिश सफल नहीं होगी. बाबा साहब के जयंती पर युवा अति उत्साह में रहते हैं और उसी अति उत्साह में ये घटना घट गई होगी. कोई ऐसी बात नहीं है, सब कुछ नियंत्रण में है.
