वाराणसी में फिर बवाल, गंगा में बिरयानी पार्टी के बाद अब बीयर पार्टी का वीडियो वायरल

वाराणसी में गंगा में अब बीयर पार्टी का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसने नई बहस छेड़ दी है. पहले चिकन पार्टी, अब बीयर. निषाद समाज ने इस कृत्य की कड़ृी निंदा की है. साथ ही इसे धार्मिक आस्था और समाज की छवि को खराब करने का आरोप लगाया है. पुलिस वीडियो की जांच कर रही है.

गंगा में बीयर पार्टी के वीडियो पर बवाल Image Credit:

वाराणसी में गंगा में इफ्तार के नाम पर चिकन पार्टी का विवाद अभी थमा भी नहीं है, इस बीच एक और वीडियो सामने आ गया है. इस वीडियो में गंगा में बियर पीते कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं. वीडियो बीते रविवार का बताया जा रहा है, जिसपर बवाल मचा है. निषाद समाज इसपर आक्रोशित है और पुलिस से जांच की मांग की है. वहीं, पुलिस वीडियो की जांच कर रही है.

एसीपी दशास्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो बनारस का है या फिर मिर्ज़ापुर का हम इसकी जांच कर रहे हैं. जो भी लोग वीडियो में दिखाई दे रहे हैं वो लोग कौन हैं, उनको भी चिन्हित करने का प्रयास कर रहे हैं. वहीं, बताया जा रहा है कि रविवार को मांझी समाज के लोग बड़ी संख्या में नाव लेकर शीतला माता के दरबार में गए थे.

‘ऐसा पाप राक्षसी प्रवृत्ति के लोग ही कर सकते हैं’

मां गंगा निषादराज सेवा न्यास के अध्यक्ष प्रमोद मांझी ने कहा कि ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि मांझी समाज के लोग शीतला मईया के दरबार में बधावा लेकर जाते हैं कि मईया अकाल और महामारी से बचाएं और सब पर अपनी कृपा दृष्टि रखें. लेकिन कुछ लोगों के इस व्यवहार से पूरे समाज की छवि खराब हो रही है. साथ ही पुलिस से पूरे मामले की जांच की मांग की.

उन्होंने बताया कि अप्रैल का पहला रविवार मांझी समाज के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण और पवित्र दिन होता है. पूरा परिवार बधावा लेकर मिर्ज़ापुर के अदलपुरा स्थित शीतला माता के दरबार में जाते हैं. जहां शीतला मां की विधिवत पूजा की जाती है. इस पवित्र मौके पर ऐसा पाप राक्षसी प्रवृत्ति के लोग ही कर सकते हैं. ऐसे लोगों के ख़िलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.

मुस्लिम समाज के युवकों ने की थी चिकन पार्टी

इससे पहले 16 मार्च को रमजान के महीने में एक दर्जन से अधिक मुस्लिम समाज के युवकों का गंगा में इफ्तार के नाम पर चिकन पार्टी करते वीडियो सामने आया था. इफ्तार पार्टी में चिकन बिरयानी परोसी गई थी. खाने के बाद इसके अवशेष को गंगा में ही डालने का आरोप लगा. वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने इस मामले में कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया था.

Follow Us