काशी में नाव पर खाई चिकन बिरयानी, गंगा में गिराई हड्डियां; वायरल वीडियो पर एक्शन में सरकार, 14 अरेस्ट

काशी में गंगा नदी में नाव पर बिरयानी खाकर हड्डियां फेंकने का वीडियो वायरल होने पर हड़कंप मच गया है. अराजक तत्वों के इस कृत्य से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं. इसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं वाराणसी नगर निगम भी गंगा की पवित्रता बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठा रहा है.

गंगा में इफ्तार पार्टी

उत्तर प्रदेश में बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में कुछ अराजक तत्वों ने समाजिक सद्भाव को बिगड़ने की कोशिश की. इन लोगों ने बीच गंगा में नाव पर बैठकर इफ्तार पार्टी की. इस दौरान चिकन बिरयानी खाई और हड्डियां वहीं गंगा में डाल दी. आरोपियों ने खुद इस घटना का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया में डाल दिया. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया. इसके बाद सरकार एक्शन में आई और 14 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए अरेस्ट कर लिया है.

वाराणसी पुलिस के मुताबिक पंचगंगा घाट से एक दर्जन से अधिक युवक नाव पर सवार हुए और नदी के बीच में जाकर इफ्तार पार्टी की. इस दौरान ये लोग नमो घाट से अस्सी घाट के बीच मौज मस्ती करते रहे. बताया जा रहा है कि इस इफ्तार पार्टी में चिकन बिरयानी परोसी गई. खाने के बाद इन लोगों ने मुर्गे की हड्डियां और अन्य कचरा गंगा में ही डाल दिया. इस पूरे घटनाक्रम का अरोपियों ने खुद वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया में डाल दिया.

नामजद मुकदमा दर्ज कर हुई गिरफ्तारी

इस वीडियो को देखकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने पुलिस में शिकायत दी. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अराजक तत्वों के इस कृत्य से बहुसंख्यक लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. चूंकि गंगा से जुड़ा था, इसलिए पुलिस भी तुरंत हरकत में आई और वीडियो की जांच कराई गई. वहीं मामला प्रमाणित होने पर पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान करते हुए उनके खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है. वहीं देर रात ताबड़तोड़ दबिश देकर इन सभी को अरेस्ट भी कर लिया है.

एक्शन में वाराणसी नगर निगम

मामला संज्ञान में आते ही वाराणसी नगर निगम भी एक्शन में आ गया है. नगर निगम के पीआरओ के मुताबिक यह कुकृत्य की श्रेणी में आने वाला बेहद आपत्तिजनक आचरण है. गंगा की शुचिता और पवित्रता को लेकर नगर निगम का बायलॉज स्पष्ट है. इसमें कहा गया है कि धार्मिक भावना और शुचिता के साथ ही कोई एक्टिविटी गंगा घाट या बीच गंगा में की जा सकती है. उन्होंने बताया कि इस मामले को देखने के बाद इसकी पुनरावृति रोकने के लिए सतत मॉनिटरिंग की जाएगी.

Follow Us