‘कोई पत्थर से ना मारे…’, GF की शादी में पहुंच गया BF, खबर मिलते ही टूट पड़े परिवार वाले; दुल्हन ने ऐसे बचाया

काशी में एक शादी में अजीब वाकया हुआ, जब दुल्हन का प्रेमी मंडप में पहुंच गया. परिजनों ने उसे पीटना शुरू किया तो दुल्हन ने सामने आकर उसे बचाया. यह देख दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया. बाद में पुलिस की मदद से दुल्हन और उसके प्रेमी ने मंदिर में शादी कर ली, जबकि दूल्हा बारात लेकर वापस लौट गया.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश की धर्म नगरी काशी में आयोजित एक शादी समारोह में अजीब स्थिति देखने को मिली. यहां मंडप में शादी की रस्में हो रही थीं, तभी दुल्हन का बॉयफ्रेंड पहुंच गया. जैसे ही दुल्हन के घर वालों को पता चला, लोग लाठी डंडे और लात-घूंसे से टूट पड़े. इतने में दुल्हन को खबर हो गई. वह तुरंत मंडप से उठी और दौड़ कर अपने प्रेमी को बचा लिया. उसने प्रेमी पर हमला कर रहे परिजनों से कहा कि जिसे मारना है, उसे मारे, प्रेमी को नहीं.

दुलहन की यह बात सुनकर उसके परिजन हैरान रह गए. इतने में दूल्हा और उसके घर वाले भी पहुंचे और पूरा माजरा समझने के बाद शादी से मना कर दिया. हालांकि दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे और उसके परिजनों को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन आखिर तक बात नहीं बनी. ऐसे में दूल्हा अपनी बारात लेकर वापस लौट गया. घटना लोहता थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की रात का है. इस समय सोशल मीडिया में इस घटना की खूब चर्चा हो रही है.

फिर पुलिस की हुई एंट्री

मौके पर बवाल होने की सूचना पर पहुंची पुलिस सभी पक्षों को लेकर थाने आई. जहां पुलिस ने दूल्हा, दुल्हन और उसके प्रेमी से पूछताछ की. इस दौरान दुल्हन और उसके प्रेमी ने बताया कि वह लंबे समय से प्रेम प्रसंग में हैं. दोनों शादी भी करना चाहते थे, लेकिन उनके घर वाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे. बल्कि दुल्हन के घर वालों ने तो उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी. सूचना मिलने पर वह शादी में पहुंचा था. जहां उसके साथ मारपीट हुई. यह सुनकर पुलिस ने एक मंदिर में दुल्हन की उसके प्रेमी के साथ शादी करा दी.

दूल्हे ने किया शादी से इनकार

पुलिस की पूछताछ में दूल्हे ने कहा कि दुल्हन का प्यार कोई और है, ऐसे में वह उससे शादी कैसे कर सकता है. दूल्हे ने आरोप लगाया कि दुल्हन के घर वालों ने तथ्यों को छिपाकर उससे शादी तय की थी. इस बात को लेकर दोनों पक्षों में काफी बहस हुई. आखिर में दूल्हे ने शादी से मना करते हुए बारात की वापसी करा दी. उधर, पुलिस के हस्तक्षेप से दुल्हन और उसकी प्रेमिका की शादी के बाद दुल्हन के घर वाले अपने घर लौट गए.

Follow Us