टूरिस्टों के लिए काल बने नमो घाट के बाउंसर, दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; एक की मौत से हड़कंप

वाराणसी के नमो घाट पर बाउंसरों की बर्बरता ने एक पर्यटक की जान ले ली और कई अन्य को घायल कर दिया. सोनभद्र से आए 17 वर्षीय किशोर पर्यटक को बाउंसरों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना ने काशी में पर्यटकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने चार बाउंसरों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है.

नमो घाट वाराणसी

देश में पर्यटन के नक्शे पर काशी का अपना अलग ही स्थान है. यहां देश ही नहीं, विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक रोजाना आते हैं और भारतीय सभ्यता व संस्कृति का नया पाठ सीखते हैं. लेकिन यही काशी अब पर्यटकों के लिए खतरनाक हो गई है. रविवार को ही यहां आए पर्यटकों को बाउंसरों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. इस घटना में एक पर्यटक की मौत हो गई है. वहीं कई अन्य लोग घायल हुए हैं. यह वारदात ‘नमो घाट’ पर रविवार की भोर का है.

जानकारी के मुताबिक कुछ पर्यटक नमो घाट के मुख्य एंट्री पॉइंट से अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान वहां तैनात बाउंसरों के साथ उनकी कहासुनी हो गई. देखते ही देखते सभी बाउसर एकजुट होकर पर्यटकों पर लाठी डंडों से हमला करने लगे. इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. लोग इधर-उधर भागने लगे. ऐसे में बाउंसरों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया. इस वारदात में गंभीर चोट लगने से एक 17 वर्षीय पर्यटक की मौत हो गई. वहीं, उसके साथ आए कई अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए.

सोनभद्र से आया था पर्यटक दल

पुलिस के मुताबिक मृत पर्यटक की पहचान सोनभद्र के रहने वाले किशोर राजेंद्र के रूप में हुई है. वह पर्यटकों के समूह के साथ बनारस भ्रमण को आया था. रविवार की भोर में समूह के सभी लोग सुबहे बनारस देखने नमो घाट पहुंचे, लेकिन बाउंसरों ने मुख्य एंट्री पॉइंट पर इन्हें रोक लिया. इसी बात को लेकर इनकी बाउंसरों से बहस हुई थी. देखते ही देखते मामला बिगड़ गया और बाउंसरों ने मिलकर इन लोगों की पिटाई कर दी. मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक बाउंसरों ने राजेंद्र को घेरकर बल भर लाठी चलाई. इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी.

बाकियों को अस्पताल में भर्ती कराया

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायल पर्यटकों को कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया. वहीं बाकियों की हालत को देखते हुए अस्पताल में भर्ती कर लिया है. बनारस में आदमपुर थाना इंस्पेक्टर विमल मिश्रा के मुातबिक मृत पर्यटक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं बाउंसरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए चार लोगों को अरेस्ट किया है. बाकियों की तलाश जारी है.

Follow Us