‘न खुद करूंगी शादी, न इन्हें करने दूंगी…’, पवन सिंह की पत्नी ने 10 करोड़ की एलुमनी पर खुलकर कही ये बात
पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने तलाक में 10 करोड़ रुपये की एलुमनी मांगी है. उनका कहना है कि इतनी बड़ी रकम मांगने का मकसद पवन सिंह को सबक सिखाना और मुकदमे को लंबा खींचना है. ज्योति ने यह भी कहा कि वह न खुद दोबारा शादी करेंगी और न ही पवन सिंह को तीसरी शादी करने देंगी, क्योंकि उन्होंने उनके 8 साल बर्बाद कर दिए हैं.
भोजपुरी सिनेमा में पॉवर स्टार कहे जाने वाले सिंगर एवं एक्टर पवन सिंह और उनकी पत्नी का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बार चर्चा कोर्ट में लंबित तलाक के मामले को लेकर है. इसमें पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने 10 करोड़ की एलुमनी मांगी है. अब ज्योति सिंह ने इतनी बड़ी एलुमनी राशि मांगने की वजह भी मीडिया के सामने किया है. उन्होंने कहा कि वह ना तो खुद शादी करेंगी, और ना ही पवन सिंह को करने देंगी.
पवन सिंह और उनकी पत्नी के बीच विवाद करीब एक दशक से चल रहा है. इस विवाद में करीब आठ साल से दोनों कोर्ट के चक्कर भी काट रहे हैं. पवन सिंह अपनी पत्नी ज्योति सिंह को तलाक देकर इस रिश्ते से आजाद होना चाहते हैं. वहीं ज्योति सिंह उन्हें किसी हाल में छोड़ने को तैयार नहीं है. इसलिए उन्होंने तलाक के एवज में 10 करोड़ रुपये की एलुमनी मांगी है. इस संबंध में पूछे जाने पर उनका मकसद पवन सिंह पैसा हासिल करना नहीं, बल्कि उन्हें सबक सिखाना है.
कैमरे के सामने खोला राज
एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में ज्योति सिंह ने कहा कि उन्होंने शुरू से ही अपना घर और रिश्ता बचाने की कोशिश की. उन्होंने पूरा प्रयास किया कि पवन सिंह उनके साथ रहें, लेकिन पवन सिंह इसके लिए तैयार नहीं हैं. बल्कि उन्होंने कोर्ट में तलाक की अर्जी तक लगा दी. ज्योति सिंह ने कहा कि पहले उन्होंने एलिमनी के तौर पर केवल 3 करोड़ रुपये मांगे थे. वहीं पवन सिंह उनसे मुक्त होने के लिए 50 लाख रुपये देने को तैयार भी हो गए थे. अब उन्होंने 10 करोड़ की मांग की है.
क्यों बढ़ाई रकम?
ज्योति सिंह ने 10 करोड़ की एलुमनी मांगने की वजह भी बताई. उहोंने कहा कि आज के दौर में 50 लाख रुपये में एक घर भी नहीं खरीद सकते. उन्होंने कहा कि 10 करोड़ की एलुमनी मांगने की मुख्य वजह मुकदमे को लटकाना है. वह चाहती हैं कि यह मुकदमा 15 साल तक खींचता रहे. इस दौरान न तो वह खुद दूसरी शादी करेंगी और ना ही पवन सिंह को तीसरी शादी करने देंगी. उन्होंने पवन सिंह पर आरोप लगाया कि उनकी जिंदगी के 8 कीमती वर्ष पवन सिंह ने बर्बाद कर दिए. उन्होंने कहा कि उनकी नहीं, कई अन्य लड़कियों की जिंदगी भी पवन सिंह ने बर्बाद की है.