घर लौट रहे मजदूर की चलती ट्रेन में गोली मारकर हत्या, पटरी पर शव को बाहर फेंककर भागे बदमाश
गाजीपुर के दिलदारनगर-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में उसकी गोली मार कर हत्या कर दी गई.उसके शव को चंदौली जनपद के सकलडीहा क्षेत्र में ट्रेन से नीचे फेंक दिया गया. घटना की जानकारी के बाद दिलदारनगर जीआरपी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
गाजीपुर का एक शख्स परिवार की माली स्थिति खराब होने के चलते रोजगार के सिलसिले में कर्नाटक गया था. लेकिन कुछ ही दिनों बाद उसने पत्नी को कॉल कर वहां मन नहीं लगने की जानकारी दी. साथ ही घर आने की बात कहकर उसने ट्रेन पकड़ ली. हालांकि, वह तो घर नहीं पहुंचा, लेकिन उसका शव जरूर उसके गांव पहुंच गया.
पुलिस के मुताबिक दिलदारनगर-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में उसकी गोली मार कर हत्या कर दी गई. उसके शव को चंदौली जनपद के सकलडीहा क्षेत्र में ट्रेन से नीचे फेंक दिया गया. घटना की जानकारी के बाद दिलदारनगर जीआरपी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
काम में मन नहीं लगने पर वापस घर लौट रहे थे मंगरू
जमानिया तहसील के चौधरी मोहल्ला का रहने वाले मंगरु चौधरी तीन भाई और चार बहनों में सबसे छोटे थे. मंगरू को अपनी पत्नी से दो बच्चे भी थे. लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर होने के चलते वह अपनी बहन के पास अप्रैल महीने में आंध्र प्रदेश के नेल्लोर गया था. लेकिन काम में मन नहीं लगने के चलते उसने पत्नी को कॉल किया और वापस लौटने की बात कही.
बहसबाजी के बाद कनपटी पर गोली मारी
रविवार सुबह आंध्र प्रदेश से आई ट्रेन छोड़ने के बाद वह दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन से ताड़ीघाट जा रही पैसेंजर ट्रेन को पकड़कर अपने गांव की तरफ रवाना हो गया. ट्रेन में सवार दो युवकों से किसी बात को लेकर मंगरु से बहसबाजी हो गई. इस दौरान एक हमलावर ने मंगरु के कनपटी पर पिस्तौल सटाकर गोली मार दी. यह घटना चंदौली जनपद के कुचमन और सकलडीहा रेलवे स्टेशन की बीच हुई.
शव को चलती ट्रेन से नीचे फेंका गया
गोली चलने की आवाज सुनकर ट्रेन में चल रहे अन्य यात्री भी सहम गए. इस दौरान हमलावरों ने मंगरु के शव को चलती ट्रेन से रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया. फिर, ट्रेन की धीमी गति का फायदा उठाकर हमलावर फरार हो गए. घटना की जानकारी के बाद जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दिया.घटना की जानकारी के बाद परिवार के लोगों के साथ ही साथ पत्नी का भी रो-रो कर बुरा हाल है.
