आज से काशी में PM मोदी: 6300 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात, 2 अमृत भारत ट्रेन को भी दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से अपने दो वाराणसी दौरे पर 48 परियोजनाओं का लोकार्पण और 112 प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे. साथ ही दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे. कुल मिलाकर काशी को पीएम मोदी तकरीबन 6300 करोड़ रुपये की सौगात देंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 28 अप्रैल से दो दिवसीय दौरे वाराणसी दौरे पर रहेंगे.यहां वह 6300 करोड़ रुपये की लागत से तकरीबन 160 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. वह आज वाराणसी रेलवे स्टेशन से दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे.शाम में बरेका (BLW) मैदान में नारी सम्मेलन के जरिए 50 हजार महिलाओं से संवाद करेंगे.इसके अलावा वह 29 अप्रैल को बरेका से काशी विश्वनाथ मंदिर तक करीब 15 किमी की यात्रा करेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने वाराणसी दौरे पर 48 परियोजनाओं का लोकार्पण और 112 प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे. इन एसटीपी, सड़क, पुल और अस्पताल संबंधित परियोजनाएं हैं.इनमें पीडब्ल्यूडी की बनाईं शहर की 20 सड़कें, कज्जाकपुरा और बाबतपुरा चौबेपुर आरओबी, कस्तूरबा बालिका विद्यालय में एकडेमी ब्लाक व छात्रावास, पीएसी में 100 लोगों की क्षमता का बैरक, मारकंडेय महादेव घाट पर रैंप, कल्याण मंडप का निर्माण, सांरगनाथ मंदिर का पर्यटन विकास, संत रविदास पार्क का सुंदरीकरण, चंद्रावती घाट का पुर्ननिर्माण जैसे तमाम काम शामिल हैं.
इन योजनाओं का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा नदी पर पुराने रेलवे पुल के बगल में प्रस्तावित पुल की भी आधारशिला रखेंगे. इसके अलावा वह मंडलीय चिकित्सालय में 500 बेड मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, अस्सी घाट पर मैकेनाइज्ड पार्क, 100 बेड क्रिटिकल केयर ब्लाक, दशाश्वमेध घाट से काशी विश्वनाथ मंदिर के मध्य घाटों का पर्यटन विकास, अस्सी घाट का जीर्णोद्धार और पर्यटन विकास से जुड़ी योजना, अस्सी घाट से दशाश्वमेध घाट के पर्यटन विकास जैसी तमाम योजनाओं का उद्घाटन करेंगे.
29 अप्रैल को 15 किलोमीटर का रोड शो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार यानी 29 अप्रैल को बाबा विश्वनाथ का दर्शन करेंगे. इस दौरान वह बीएलडब्लू से काशी विश्वनाथ मंदिर तक करीब 15 किलोमीटर का रोड शो करेंगे.पीएम मोदी की आज बीएलडब्लू के मैदान में मारी सम्मेलन रैली प्रस्तावित है. इस रैली को लेकर सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं. 1500 से अधिक महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती बीएलडब्लू में की गई है. पूरे मैदान में सीसीटीवी, एंटी ड्रोन सिस्टम और एटीएस, पैरा मिलिट्री और पुलिस की तैनाती की गई है. इसके अलावा पीएम मोदी के रोड शो के दौरान भी भारी सुरक्षा व्यवस्था किया गया है. पीएम जिन सड़कों से होकर गुज़रेंगे, उन पर 2000 से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे.
नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे.
प्रधानमंत्री मोदी आज वाराणसी रेलवे स्टेशन से दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे. ये ट्रेनें बनारस-हडपसर (पुणे) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) के बीच चलेंगी. इससे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी. इस ट्रेन के शुरू होने से काशी विश्वनाथ धाम, राम मंदिर अयोध्या और शिर्डी साईं बाबा की यात्रा एक बार में करना श्रद्धालुओं के लिए आसान हो जाएगा.
29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री अपने वाराणसी दौरे के बाद 29 अप्रैल को हरदोई के मल्लावां में गंगा एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करेंगे. मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होकर प्रयागराज के जुदापुर डांडू गांव तक जाने वाला यह छह लेन का एक्सप्रेस-वे न केवल पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश की दूरी को कम करेगा. आप प्रयागराज से चलकर महज छह से 7 घंटे में लोग मेरठ तक का सफर कर सकेंगे.यह एक्सप्रेसवे से प्रदेश के 12 शहरों को सीधी कनेक्टविटी देने वाला है. इन शहरों में मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, सम्भल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज आदि शामिल है.
