नोएडा से बनारस तक झमाझम बारिश, UP के 60 जिलों में IMD का अलर्ट; जानें अपने जिले का मौसम

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश के 60 जिलों में झमाझम बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. नोएडा से बनारस तक, पश्चिमी और पूर्वी यूपी में गुरुवार और शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश और 60 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

यूपी में मौसम का हाल Image Credit:

दो दिन की ही गर्मी में लोग परेशान हो गए, अब दो दिन के लिए बारिश का भी अलर्ट है. यह बारिश केवल पूर्वांचल या पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में हो सकती है. भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए प्रदेश के 60 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर जिलों में 60 किमी प्रतिघंटे से भी अधिक की स्पीड में आंधी तूफान आने की भी संभावना है.

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा इनपुट के मुताबिक 4 जून यानी गुरुवार को नोएडा-गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में मौसम बदलेगा. इन सभी जिलों में तेज आंधी चल सकती है. गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कहीं कहीं ओलावृष्टि होने की भी पूरी संभावना है. संभावित स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ और ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है.

पूर्वांचल में भी बदला मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी आज रात से मौसम बदल जाएगा. पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कई जगह तूफानी झोंके भी चल सकते हैं. इस दौरान अलग अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है. बदले मौसम का प्रभाव अगले दिन यानी शुक्रवार को भी जारी रह सकता है. शुक्रवार को भी पूरे प्रदेश में अलग अलग हिस्सों में कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है.

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल एवं इनके आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी. इसी प्रकार, पूर्वांचल में बलिया, बनारस, गाजीपुर, मऊ, प्रयागराज कानपुर, आजमगढ़ और जौनपुर आदि जिलों में आंधी पानी की संभावना है. इन जिलों में मेघगर्जन और बिजली चमकने के साथ ही आंधी तूफान की आशंका है.

Follow Us