दिल्ली मेट्रो से भी सस्ता वाराणसी का रोप-वे, तय हुआ किराया; महज 8 रुपये में विद्यापीठ से रथयात्रा का सफर

उत्तर प्रदेश सरकार ने वाराणसी रोपवे का किराया तय कर दिया है, जो दिल्ली मेट्रो से भी किफायती है. न्यूनतम किराया ₹10 और अधिकतम ₹50 निर्धारित है. काशी स्मार्ट पास धारकों को 20% की छूट मिलेगी, जिससे विद्यापीठ से रथयात्रा का सफर मात्र ₹8 में होगा. प्रीमियम गोंडोला सेवा भी उपलब्ध है, जिसका लक्ष्य शहर में यातायात कम करना और तेज, सुरक्षित परिवहन देना है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश सरकार ने वाराणसी रोप-वे का किराया तय कर दिया है. शासन द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक वाराणसी रोप वे का किराया दिल्ली मेट्रो से भी कम और किफायती है. इसमें वाराणसी कैंट, विद्यापीठ, रथयात्रा एवं गोदौलिया चौक स्टेशनों के बीच यात्रा के लिए न्यूनतम किराया ₹10 रखा गया है. वहीं अधिकतम किराया ₹50 रुपये होगा. इस अधिसूचना के मुताबिक वाराणसी कैंट से गोदौलिया चौक तक की पूरी यात्रा करने पर मात्र ₹50 किराया देना होगा.

इसी प्रकार जब सफर विद्यापीठ से रथयात्रा तक का होगा तो किराया केवल ₹10 होगा. यदि वाराणसी रोपवे के किराए की तुलना दिल्ली मेट्रो के किराए से की जाए तो मेट्रो का किराया ज्यादा होगा. इस समय दिल्ली मेट्रो में न्यूनतम किराया 11 रुपए है. वहीं अधिकतम किराया 64 रुपए लिया जाता है. इस लिहाज से वाराणसी का रोप-वे दिल्ली मेट्रो की तुलना में 10 से 20 प्रतिशत तक सस्ता होगा. लेकिन यही तुलना यदि दूरी के हिसाब से करें तो दिल्ली मेट्रो की अपेक्षा वाराणसी रोपवे का किराया काफी महंगा है.

स्थानीय को छूट

इस अधिसूचना के मुताबिक वाराणसी रोपवे के किराए में स्थानीय नागरिकों एवं नियमित यात्रियों को कुछ हद तक छूट दी गई है. यह छूट काशी स्मार्ट पास के जरिए मिलेगी. पास धारकों को अधिसूचित किराए पर 20 प्रतिशत की रियायत मिलेगी. इस पास के जरिए सफर पर वाराणसी कैंट से गोदौलिया चौक तक की यात्रा के लिए मात्र ₹40 खच करने होंगे. वहीं यदि विद्यापीठ से रथयात्रा का सफर करना है तो इसके लिए केवल ₹8 ही लगेंगे.

हर वर्ष होगा संशोधन

शासनादेश के मुताबिक रोपवे के किराए में हर साल संशोधन होगा और हर साल 1 अप्रैल को किराया 5 प्रतिशत तक बढ़ जाएगा. यह बढोत्तरी ₹5 के निकटतम गुणांक तक पूर्णांकित किया जाएगा. यात्रियों की सुविधा के लिए वाराणसी कैंट रोप-वे स्टेशन पर एक क्लॉक रूम की सुविधा भी दी गई है. यहां टिकट धारक प्रारम्भिक दो घंटे के लिए निशुल्क सामान रख सकेंगे. वहीं इसके बाद 15 किलोग्राम तक के सामान के लिए ₹50 प्रति घंटा चार्ज किया जाएगा.

मिलेगी प्रीमियम गोंडोला सेवा

वाराणसी रोपवे में विशेष पर्यटक एवं समूह यात्राओं के लिए प्रीमियम गोंडोला सेवा मिलेगी. इसके लिए ₹2000 प्रति यात्रा किराया निर्धारित किया गया है. वहीं किसी संस्था, समूह अथवा आयोजक द्वारा अग्रिम आरक्षण कराने पर किराया प्रति यात्रा ₹1200 देना होगा. माना जा रहा है कि इस सेवा से शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रेशर कम होगा और यात्रियों को तेज, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी.

Follow Us