गंगा में नॉनवेज पार्टी मामले में पांचों आरोपियों को राहत, कोर्ट से जमानत

वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर कथित नॉनवेज पार्टी और शराब सेवन के मामले में गिरफ्तार पांचों आरोपियों को अदालत से राहत मिल गई है. कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं सहायक पुलिस आयुक्त (तृतीय) की अदालत ने प्रत्येक आरोपी को 20-20 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र जमा करने की शर्त पर रिहा करने का आदेश दिया. पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांचों को गिरफ्तार किया था और नाव भी सीज कर दी थी.

गंगा में चिकन पार्टी का वीडियो वायरल Image Credit:

वाराणसी में गंगा नदी में नाव पर कथित तौर पर नॉनवेज पार्टी करने और शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को अदालत से राहत मिल गई है. कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं सहायक पुलिस आयुक्त (तृतीय) की अदालत ने सभी आरोपियों को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है. अदालत ने प्रत्येक आरोपी को 20-20 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र जमा करने की शर्त पर रिहा करने का आदेश दिया.

बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता विकास सिंह ने अदालत में पैरवी की. जिन पांच लोगों को जमानत मिली है, उनमें शामिल हैं— दीपक कुमार (सूजाबाद पड़ाव, थाना रामनगर), अजय साहनी (नाव चालक), अरुण कुमार साहनी (डोमरी, रामनगर), अनुराग निषाद और राहुल साहनी (बंधा रोड, सूजाबाद, रामनगर). इन सभी को पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर गिरफ्तार किया था.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

पूरा मामला उस वक्त चर्चा में आया जब बीते सोमवार देर शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में कुछ लोग गंगा नदी के बीच नाव पर बैठकर नॉनवेज खाते और शराब पीते दिखाई दे रहे थे. वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और धार्मिक संगठनों में नाराजगी फैल गई. मां गंगा को आस्था का प्रतीक मानने वाले लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी.

सर्विलांस की मदद से हुई गिरफ्तारी

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई. पुलिस की सर्विलांस टीम ने फुटेज की जांच की और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की गई. इसके बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने उस नाव को भी सीज कर दिया, जिस पर कथित तौर पर पार्टी की गई थी. सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी के मुताबिक, जांच में पता चला कि वायरल वीडियो हाल का नहीं, बल्कि करीब छह महीने पुराना है.

छह महीने पुराना निकला वीडियो

वीडियो वाराणसी के मान मंदिर घाट क्षेत्र का बताया गया. हालांकि, वीडियो पुराना होने के बावजूद पुलिस ने पहचान के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था. यह पहला मौका नहीं है जब गंगा में नाव पर पार्टी का मामला सामने आया हो. इससे पहले 16 मार्च को भी इसी तरह का एक वीडियो वायरल हुआ था. उस मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 मुस्लिम युवकों को गिरफ्तार किया था. बाद में हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी.

Follow Us