VDA ने पास किया 2866 करोड़ का मेगा बजट, वाराणसी में टाउनशिप और शहरी विकास को मिलेगी रफ्तार

वीडीए ने साल 2026-27 के लिए ₹2,866 करोड़ का मेगा बजट पारित किया है. इसका मुख्य लक्ष्य मढ़नी, गंजारी और कल्लीपुर जैसी तीन प्रमुख टाउनशिप परियोजनाओं को रफ्तार देना है. यह बजट वाराणसी के नियोजित शहरी विस्तार, नई आवासीय योजनाओं और मूलभूत ढांचे के विकास पर केंद्रित है.

वीडीए वाराणसी ने पास किया मेगा बजट

वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 2,866 करोड़ रुपए का बजट पास किया है. प्राधिकरण के अनुसार, यह बजट वाराणसी के तेजी से बढ़ते शहरी ढांचे को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. यह बजट वाराणसी के तेजी से हो रहे शहरी विस्तार, नई आवासीय टाउनशिप और मूलभूत ढांचे के विकास पर केंद्रित है.

वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए प्राधिकरण बोर्ड द्वारा परिचालन से ₹2,070.61 करोड़ की आय का अनुमान लगाया गया है जो पिछले साल की तुलना में लगभग 448 % अधिक है. इसी प्रकार ₹2,069.07 करोड़ के व्यय का प्रावधान किया गया है जो विगत वर्ष की तुलना में 343 % अधिक है. कुल मिलाकर ₹2,866.20 करोड़ का महत्वाकांक्षी बजट पारित किया गया है.

मढ़नी, गंजारी और कल्लीपुर टाउनशिप को रफ्तार

इसका मुख्य लक्ष्य मढ़नी, गंजारी और कल्लीपुर जैसी तीन प्रमुख टाउनशिप परियोजनाओं को रफ्तार देना है. चालू वित्तीय वर्ष में वीडीए इन टाउनशिप योजनाओं के अंतर्गत लगभग ₹1,700 करोड़ की प्रतिकर राशि वितरित करेगी. यह भुगतान इन प्रमुख आवासीय एवं समेकित विकास योजनाओं को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

यह बजट वाराणसी के तेजी से हो रहे शहरी विस्तार, नई आवासीय टाउनशिप, संस्थागत विकास तथा जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा. गंजारी में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के करीब 150 एकड़ में वीडीए नई अर्बन टाउनशिप बसा रही है. इस योजना पर वाराणसी विकास प्राधिकरण 1300 करोड़ रुपये खर्च करेगा.

मढ़नी में 61 हेक्टेयर में बनेगी वर्ल्ड क्लास टाउनशिप

मढ़नी टाउनशिप योजना के अंतर्गत 61 हेक्टेयर में वर्ल्ड वर्ल्ड क्लास टाउनशिप बनाई जाएगी. इस योजना के तहत अब तक 16 हेक्टेयर जमीन वीडीए ने एक्वायर कर लिया है. वीडीए की कोशिश है कि मढ़नी टाउनशिप में हर वर्ग के लोग कालोनी में प्लाट खरीद सकें. प्लाट का क्षेत्रफल कम से कम 100 वर्ग मीटर और अधिकतम 225 वर्ग मीटर होगा.

कल्लीपुर टाउनशिप योजना में भी गति लाने का लक्ष्य रखा गया है. किसानों को भरोसे में लेकर ही वीडीए वीसी ने कहा कि वीडीए किसानों के हितों को सुनिश्चित करते हुए ही इन तीनों टाउनशिप योजनाओं को आकार देगा. वीडीए द्वारा प्रस्तावित यह बजट आने वाले समय में शहर के नियोजित विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगा.

VDA का अधिकार क्षेत्र बढ़कर 1073 वर्ग किलोमीटर

VDA की स्थापना 19 अगस्त 1974 को की गई थी. शुरूआत में इसका अधिकार क्षेत्र लगभग 793 वर्ग किलोमीटर था, जिसमें महापालिका क्षेत्र सहित 635 गांव शामिल थे. साल 2024 में नगर क्षेत्र के विस्तार के बाद 215 नए ग्रामों को भी सम्मिलित किया गया. अब वर्तमान में वाराणसी विकास प्राधिकरण का कुल विकास क्षेत्र बढ़कर 1073 वर्ग किलोमीटर है.

Follow Us