बांके बिहारी मंदिर के VIP गेट का गिरा छज्जा, 8 श्रद्धालु घायल; मच गई भगदड़

ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में मंगलवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया. अचानक आंधी आई और बंदर उछलकूद मचाने लगे. इससे मंदिर के गेट नंबर 5 के पास छज्जा गिर गया. इसकी चपेट में एक बच्चा समेत कुल आठ लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए. इनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर है.

बांके बिहारी मंदिर में भगदड़

उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में मंगलवार की शाम बड़ा हादसा हो गया. यहां दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया था, आंधी की स्थिति बन गई थी. इतने में बंदर भी उछलकूद मचाने लगे. शाम करीब छह बजे बंदरों की उछलकूद की वजह से मंदिर के गेट नंबर 5 के पास एक मकान का छज्जा गिर गया. इसकी चपेट में एक बच्चा समेत कुल आठ लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए. इनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर है.

फिलहाल सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह पूरा घटनाक्रम मंदिर के वीआईपी गेट के पास का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को छज्जे के नीचे से निकालकर वृंदावन के ही रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल में भर्ती कराया. जहां एक व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है. वहीं बाकियों को प्राथमिक उपयार के बाद छुट्टी दे दी गई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक इस हादसे में 10 से अधिक लोग घायल हुए थे. हालांकि आठ लोगों को ही अस्पताल भेजने की जरूरत पड़ी.

अस्पताल पहुंचे डीएम

हादसे की सूचना पर मथुरा के डीएम ने खुद अस्पताल पहुंच कर घायलों की कुशलक्षेम पूछी. उनके बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों को निर्देशित किया. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि इस हादसे में घायल सात लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने सभी घायलों को बेहतर इलाज का भरोसा दिया है. बता दें कि बांके बिहारी मंदिर के आसपास बने हुए ज्यादातर मकान पुराने और जर्जर हाल में हैं. इन मकानों में 2 साल पहले भी हादसा हादसा हुआ था. उस हादसे में 2-3 लोगों की मौत भी हुई थी.

हादसे की सामने आई वजह

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच की. अधिकारियों के मुताबिक यह हादसा मकान जर्जर होने और बंदरों की उछलकूद की वजह से हुआ है. अचानक मौसम बदलने पर जब बंदर उछलकूद मचाने लगे तो एक पुराने मकान का छज्जा उनके भार को सहन नहीं कर पाया और यह हादसा हो गया. हालांकि जिला प्रशासन ने मामले की जांच विधिवत कराने के आदेश दिए हैं.

Follow Us