आज से फिर भट्टी सा तपेगा यूपी, अगले 4 दिन गर्मी मचाएगी कहर, IMD ने जारी किया हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी में 18 जून से लू चलने का अंदेशा जताया है. अगले चार दिन तक लगातार गर्म हवाओं की मार पड़ने वाली है. ऐसे में अस्पतालों में हीटवेव से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ सकती है.
यूपी में भीषण गर्मी पड़ने लगी है. फिर से तापमान 45 डिग्री के पास दर्ज किया जाने लगा है. बहराइच, श्रावस्ती, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, प्रयागराज, संतरविदास नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, चंदौली जैसे जिलों में मौसम विभाग ने हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यूपी मौसम ड्राई बना हुआ है. इसके आसमान साफ है और तेज धूप खिल रही है. जिसके कारण भीषण गर्मी जारी है. आज भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क ही रहने वाला हैं. इसके चलते तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा सकता है.
आज से लू चलने की आशंका
मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी में 18 जून से लू चलने का अंदेशा जताया है.चार दिन तक लगातार गर्म हवाओं की मार पड़ने वाली है. अस्पताल में हीटवेव से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ सकती है.हीटवेव (लू) से बचने के लिए सबसे जरूरी है कि आप अपने आपको हाइड्रेट रखें. शरीर में पानी की कमी न होने दें. दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच धूप में बाहर निकलने से बचें. ढीले और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें. घर से निकलते समय हमेशा सिर को ढक कर रखें.
22-23 जून को यूपी में मॉनसून की एंटंरी
22-23 जून के आसपास सोनभद्र जिले से मानसून की एंट्री हो सकती हैं, लेकिन इस बार अल नीनो के प्रभाव की वजह से मानसून कमजोर ही रहने का अनुमान है. ऐसे में कम बारिश की स्थिति में किसानों को भारी नुकसान हो सकता है. दरअसल, खरीफ के फसलों को अच्छा-खासा पानी की जरूरत होती है.
प्रयागराज रहा सबसे गर्म शहर
पिछले 24 घंटे के दौरान 44 डिग्री के साथ सबसे गर्म जिला प्रयागराज रहा. फिर, वाराणसी में 43, बांदा में 42.6, झांसी में 42.5 और हमीरपुर में 42.2 डिग्री रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो नजीबाबाद में सबसे कम 22.5, फिर मुजफ्फरनगर में 23.8, मेरठ में 24, हरदोई में 24.5 और बरेली में 24.9 न्यूनतम तापमान रहा.
