नोएडा-गाजियाबाद समेत UP के इन जिलों में झमाझम होगी बरसात, जानें अपने शहर के मौसम का हाल
तापमान में बढ़ोतरी के साथ-साथ प्रदेश में बारिश भी हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 19 जिलों के आसमान में काले बादल दिख सकते हैं. इस दौरान तेज हवाएं भी चलने की आशंका है. फिलहाल, राज्य में फरवरी महीने में ही मार्च जैसे हालात हो गए हैं.
यूपी के मौसम में बेहद तेजी से तब्दीली आई है. महज कुछ दिनों के अंदर ही ठंड पूरी तरह गायब हो गई है. अब सुबह और रात में भी गलन का एहसास नहीं हो रहा है. वहीं, दिन के वक्त तेज धूप निकल कर आ रही है, जिससे अच्छी-खासी गर्मी महसूस रही है. प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान भी 26 से 31 डिग्री रिकॉर्ड किया जा रहा है.
तापमान में बढ़ोतरी के साथ-साथ प्रदेश में बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट है. यहां 19 जिलों के आसमान में काले बादल दिख सकते हैं. मौसम विभाग का अनुमान है बुधवार को नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, बागपत, हापुड़, मैनपुरी, इटावा, कांसगज, एटा, औरया, जालौन, झांसी और ललितपुर में बारिश देखने को मिल सकती है.
फरवरी में मार्च जैसा मौसम
अभी फिलहाल फरवरी का महीना चल रहा है, लेकिन मौसम मार्च जैसा हो चुका है. हफ्ते भर से लगातार तापमान में बढ़ोतरी हो रही है. हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक अब तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं देखने को मिलेगा. महीने के अंत तक मौसम इसी तरह बना रहेगा.
किसानों को मौसम का हो सकता है नुकसान
पश्चिमी उत्तर में बारिश के अलर्ट के चलते किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. किसानों को मौसम को ध्यान रखकर अपनी योजनाएं बनानी चाहिए. हल्की बारिश और हवाओं का असर फसलों और दैनिक गतिविधियों पर बुरा असर डाल सकती है. आपको काफी नुकसान भी हो सकता है.
झांसी रहा सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे गर्म जिला झांसी रहा. यहां अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री पाया गया. फिर , आगरा में 30.3, बांदा में 30.2, हमीरपुर में 29.6 और वाराणसी में 29.4 अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. वहीं, अगर सबसे ठंडे जिले की बात की जाए तो बांदा पहले स्थान पर रहा. यहां सबसे कम तापमान 9.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. फिर, बहराइच में 10.4, अयोध्या और बाराबंकी में 10.5 और कानपुर में 11 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
