यूपी में आज भी हीटवेव का कहर, लेकिन इस तारीख से बदल जाएगा मौसम, बारिश के साथ भयानक तूफान की आशंका

यूपी में आज भी हीटवेव का कहर जारी है. लेकिन आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून के चलते 11 जून से प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है. आईएमडी ने 11 और 12 जून को यूपी के 63 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. इसके अलावा इन जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा की आंधी-तूफान आने की भी आशंका जताई है.

यूपी में मौसम का हाल

यूपी के मौसम में रोजाना बदलाव देखने को मिल रहे हैं. बारिश और धूप की आंखमिचौली लगातार जारी है. आज भी प्रदेश के कई जिलों में लू का प्रकोप जारी रहेगा. गोरखपुर, गाजीपुर और वाराणसी, बांदा और झांसी जैसे जिलों में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि, 11 जून से मौसम में फिर बदलाव के संकेत हैं.

आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून के चलते 11 जून से प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान आईएमडी ने 11 और 12 जून को यूपी के 63 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. इसके अलावा इन जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा की आंधी-तूफान आने की भी आशंका जताई है.

18 जून के बाद मानसून की एंट्री

पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ने के बाद 13 जून से फिर हीटवेव का दौर शुरू हो सकता है. लेकिन इससे जल्द राहत मिल सकती है. दरअसल, मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश में 18 जून के बाद कभी भी मानसून की एंट्री हो सकती है. इसके बाद बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा. लोगों को लू और चिलचिलाती धूप से बड़ी राहत मिलेगी.

फतेहगढ़ रहा सबसे गर्म शहर

पिछले 24 घंटे के दौरान 44.8 डिग्री के साथ फतेहगढ़ सबसे गर्म जिला रहा. फिर, 43.6 डिग्री के साथ वाराणसी, 42.6 डिग्री के साथ बांदा और 42.5 डिग्री के साथ प्रयागराज. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो 23.5 डिग्री के साथ नजीबाबाद पहले स्थान पर रहा. फिर, बाराबंकी में 24, फतेहपुर में 25.2,गोरखपुर में 26 और वाराणसी में 26.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा.

मौसम विभाग ने दी ये सलाह

आज हीटवेव की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को बेमतलब में घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी है. हल्के कपड़े पहनने और खुद को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है. अगर, लू के चलते आपकी तबीयत खराब होती है, तो बिना देर किए नजदीकी चिकित्सक से जरूर संपर्क करने की सलाह दी है. वहीं, आंधी-तूफान और बारिश की स्थिति में पेड़ों और और बिजली के खंभों के नीचे ना रुकने और घर के अंदर रहने की सलाह दी है.

Follow Us